हल्द्वानी में कांग्रेस के मेयर पद के प्रत्याशी ललित जोशी ने डोर-टू-डोर जनसंपर्क किया। उन्होंने लोगों से वोट देने की अपील की और कहा कि कांग्रेस सभी धर्मों और वर्गों को समान रूप से साथ लेकर चलती है।.
हल्द्वानी कांग्रेस के मेयर पद के प्रत्याशी ललित जोशी ने सोमवार को मल्ली बमौरी, सिविल न्यायालय, गैस गोदाम रोड आदि जगहों पर डोर-टू-डोर जनसंपर्क किया। उन्होंने लोगों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर अपने पक्ष में वोट देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सभी धर्मों और वर्गों को समान रूप से साथ लेकर चलने वाली पार्टी है, जो भाजपा की तरह धर्म और जाति की राजनीति नहीं करती। उन्होंने डहरिया क्षेत्र में कांग्रेस की प्रचार सामग्री बांटने में बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से इसकी जांच कराने की मांग की। उन्होंने घोषणा की कि वे छात्रों, वकीलों, वरिष्ठ नागरिकों, डॉक्टरों और व्यापारियों की एक समिति बनाना चाहते हैं। यह समिति शहर के विकास के लिए सुझाव देगी और इसे एक नई दिशा में ले जाने में सहयोग करेगी। राजपुरा क्षेत्र में जन संपर्क अभियान के दौरान कहा कि जनता का भरोसा ही उनकी ताकत है और वह इस भरोसे को कभी टूटने नहीं देंगे। विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि भाजपा को हर का डर सता रहा है इस लिए वह धर्म की राजनीति कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने विकास किया है और करेगी। इसके लिए कांग्रेस प्रत्याशी ललित जोशी को विजय बनाकर नगर निगम भेजना होगा। इस दौरान हल्द्वानी कांग्रेस महानगर अध्यक्ष गोविन्द बिष्ट, मलय बिष्ट, गोविंद सिंह बिष्ट, हेमंत बगड़वाल, नजाकत खान, समित टिक्कू, दिनेश चौहान, हेम दुर्गापाल, रमेश जोशी, विनोद कुमार पिंनू, विक्रम रंधावा, शंकर जोशी, बिपिन गुप्ता, राधा आर्या, नेहा, प्रीति आर्या, कोमल आर्या, धर्मवीर, सुमित कुमार, हेमंत साहू, तलत ऐतशाम, शशि वर्मा, रजो टंडन, सूरज प्रकाश, मदन कश्यप आदि मौजूद रहे।