ADVERTISEMENTS Ad
खबर शेयर करें -

शास्त्री नगर में उस वक्त रिटायर्ड शिक्षक और उसके परिवारजनों के होश फाख्ता हो गए, जब बाइक सवार तीन युवकों ने एक के बाद एक 6 राउंड फायरिंग कर दी. गमीनत रही कि गोलियां किसी को नहीं लगी, लेकिन गोलियों से गेट क्षतिग्रस्त हो गया. अब आरोपियों को पुलिस खोज रही है.

हरिद्वार के रुड़की में एक रिटायर्ड शिक्षक के घर के बाहर 3 अज्ञात बाइक सवार युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. फायरिंग करने के बाद बाइक सवार युवक मौके से फरार हो गए. गमीनत रही कि गोली किसी को नहीं लगी. जिससे बड़ा हादसा टल गया. वहीं, फायरिंग की घटना के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया. उधर, सूचना पर पहुंची पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई है.

बता दें कि रुड़की की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के शास्त्री नगर में स्थित 8 नंबर गली में बृजेश पाल का मकान है. ब्रजेश पाल एक रिटायर्ड शिक्षक हैं. ब्रजेश पाल के बेटे के मुताबिक, बुधवार की शाम 3 अज्ञात युवक एक बाइक पर सवार होकर आए और उनके घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. उन्होंने बताया कि घटना को अंजाम देकर बाइक सवार युवक मौके से फरार हो गए.

वहीं, फायरिंग की सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. जिसके बाद शिक्षक और उनके परिवार से मामले की जानकारी ली. पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की है. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले हैं. इसके अलावा पुलिस ने चेकिंग अभियान भी चलाया है.

उधर, बृजेश पाल के बेटे की मानें तो बाइक सवारों ने 6 राउंड फायरिंग की हैं. उनका कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं है. आखिर उनके घर पर फायरिंग क्यों की गई? इसका कोई कारण पता नहीं लग पा रहा है. वहीं, गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है.

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad