हल्द्वानी (अग्रसर भारत न्यूज)। हल्द्वानी के बड़ी मंडी क्षेत्र में हुए दिल दहला देने वाले दोहरे हत्याकांड का एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के नेतृत्व में पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस जघन्य वारदात में शामिल मुख्य आरोपी गौरव नेगी सहित चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से खून से सने कपड़े और हत्या में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद कर लिया गया है।
क्या था पूरा मामला?
12 फरवरी 2026 की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि बड़ी मंडी क्षेत्र में एक युवक और युवती के शव लहुलुहान हालत में पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने पाया कि दोनों की हत्या पत्थर से सिर कुचलकर की गई थी। मृतकों की पहचान शुभम टम्टा (निवासी अल्मोड़ा) और लक्ष्मी पोखरिया (निवासी ओखलकांडा) के रूप में हुई। मृतका के परिजनों की तहरीर पर हल्द्वानी कोतवाली में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
शराब, छेड़खानी और खूनी अंत
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को दबोचा। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। आरोपियों ने बताया कि शराब पीने के दौरान छेड़खानी का विरोध करने पर उन्होंने पहले शुभम की बेरहमी से हत्या की। जब उन्हें लगा कि लक्ष्मी इस अपराध की चश्मदीद है, तो अपनी पहचान छिपाने के लिए उन्होंने लक्ष्मी को भी मौत के घाट उतार दिया।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
- गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर: (25 वर्ष) निवासी धानमिल, बरेली रोड (मुख्य आरोपी, जिस पर पहले से 11 मुकदमे दर्ज हैं)।
- सौरभ भट्ट उर्फ भटिया: (20 वर्ष) निवासी तीनपानी, बरेली रोड।
- दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव: (20 वर्ष) निवासी वसुंधरा कॉलोनी, धानमिल।
- दीपेश लटवाल उर्फ राज: (25 वर्ष) निवासी उत्तरांचल विहार, पीलीकोठी।
एसएसपी ने दी शाबाशी, पुलिस टीम को इनाम
पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल पत्थर, मृतकों के मोबाइल फोन और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं। मुख्य आरोपी गौरव नेगी एक आदतन अपराधी है। पुलिस की इस त्वरित और सफल कार्रवाई पर एसएसपी ने टीम के उत्साहवर्धन हेतु 2500 रुपये नकद पुरस्कार की घोषणा की है। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि जनपद में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
अग्रसर भारत की ओर से संदेश:
”नशा और अनियंत्रित गुस्सा केवल विनाश का कारण बनता है। समाज में बढ़ती ऐसी घटनाएं चिंताजनक हैं। सुरक्षित हल्द्वानी के लिए जागरूक नागरिक बनें और पुलिस का सहयोग करें।”


