खबर शेयर करें -

कांग्रेस से अपने निष्कासन के एक दिन बाद संजय निरुपम ने आज पार्टी पर जमकर भड़ास निकाली। मुंबई में एक प्रेस कांफ्रेंस में निरुपम ने कांग्रेस को शीर्ष नेताओं का निशाने पर लिया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। संजय निरुपम ने गुरुवार को पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस वर्तमान में एक ध्वस्त पार्टी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व में जबरदस्त अहंकार है। बता दें कि पूर्व सांसद संजय निरुपम को अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी बयानों के लिए कांग्रेस से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है।

कहा, पांचों पावर सेंटर टकराते रहते हैं

प्रेस कांफ्रेंस में निरुपम ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर हमला बोलते हुए कहा, पहले कांग्रेस पार्टी में एक ही पावर सेंटर हुआ करता था। लेकिन अब कांग्रेस पार्टी में पांच पावर सेंटर हैं और पांचों की अपनी-अपनी लॉबी है जो आपस में टकराती रहती हैं। इन पांच पावर सेंटर में पहले हैं सोनिया गांधी, दूसरे हैं राहुल गांधी, तीसरी हैं प्रियंका गांधी वाड्रा, चौथे हैं पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और आखिरी हैं कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल जी। ये सभी अपनी-अपनी राजनीति अपने तरीके से कर रहे हैं।

 

 

 

 

निरुपम का दावा, मैं दे चुका था इस्तीफा

इससे पहले आज निरुपम ने दावा किया था कि सबसे पुरानी पार्टी ने उनका त्याग पत्र मिलने के बाद उन्हें निष्कासित किया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भेजे गए अपने इस्तीफे के मेल का स्क्रीनशॉट साझा करते हुए निरुपम ने एक्स पर लिखा, ऐसा लगता है कि पार्टी को कल रात मेरा इस्तीफा पत्र मिलने के तुरंत बाद, उन्होंने मेरा निष्कासन जारी करने का फैसला किया। इतनी तत्परता देखकर अच्छा लगा। बस यह जानकारी साझा कर रहा हूं।