ADVERTISEMENTS Ad
खबर शेयर करें -

हरिद्वार: धर्मनगरी में फिल्म जैसी कहानी दोहराई गई. दरअसल यहां एक युवक का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था. युवती के पिता को ये संबंध पसंद नहीं था. उसने ऐसी साजिश रची कि युवक को पुलिस पकड़ ले गई. दरअसल ये युवक एक छात्र है. उसने पुलिस को बताया कि इस मामले से उसका कोई लेना देना नहीं है.

हरिद्वार में प्रेमिका के पिता की फिल्मी साजिश: इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की गहराई से जांच-पड़ताल की. पुलिस ने कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले. आखिरकार कॉलेज के सीसीटीवी फुटेज ने दूध का दूध और पानी का पानी कर दिया. इसके बाद युवक बेगुनाह साबित हो गया. आप सोच रहे होंगे कि आखिर पूरी कहानी है क्या, जिसने पुलिस को इतनी मेहनत करने पर मजबूर किया.

बेटी के प्रेमी की बाइक में छिपाई चरस: मामला हरिद्वार के श्यामपुर में लालढांग क्षेत्र का है. 7 जनवरी को पुलिस चेकिंग अभियान में लगी थी. इसी दौरान उन्होंने बाइक सवार एक युवक को रोका. उसकी और बाइक की तलाशी ली गई तो पुलिस को नशीला पदार्थ मिला. बाइक से 171 ग्राम चरस बरामद हुई. पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया. जहां से उसे जेल भेज दिया गया.

यह भी पढ़ें -  नैनीताल में बिजली विभाग का बड़ा अपडेट, अक्टूबर-नवंबर में इन तारीखों पर प्रभावित रहेगी बिजली सप्लाई

पुलिस ने युवक को चरस के साथ पकड़ा: इससे पहले युवक पुलिस से कहता रहा कि वो तो कॉलेज से परीक्षा देकर अपने घर जा रहा था. उसका बरामद चरस से कोई संबंध नहीं है. जब उससे पूछा गया कि उसे किस पर शक है तो उसने बताया कि उसके एक युवती के साथ प्रेम संबंध हैं. उसे शक है कि उनके प्रेम संबंध को पसंद न करने वाले प्रेमिका के पिता की उसे फंसाने के लिए ये साजिश हो सकती है.

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: गुटखा और पान मसाला पर एक साल का प्रतिबंध, निर्माण से बिक्री तक लागू होगी रोक

छात्र की प्रार्थना पर पुलिस न की जांच: चूंकि मामला एक छात्र के भविष्य से जुड़ा हुआ था. इसके चलते आला अधिकारियों के निर्देश पर थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने विवेचक और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर इस मामले की जड़ तक जाने का काम शुरू किया. जांच के दौरान पता चला कि गिरफ्तारी के दिन छात्र कॉलेज से परीक्षा देकर लौटा था.

कॉलेज के सीसीटीवी फुटेज ने खोला राज: पुलिस ने कॉलेज और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. कॉलेज की पार्किंग में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने पर युवक की प्रेमिका का पिता षड्यंत्र के तहत उसकी बाइक में चरस छिपाकर रखता नजर आया. इससे साफ हो गया कि छात्र निर्दोष था. युवती के पिता ने उसे फंसाने के लिए पूरा षड्यंत्र रचा था.

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में पैक्स सचिवों की हड़ताल का 9वां दिन: 1600 करोड़ रुपये फंसे, कल से क्रमिक अनशन और 16 को सचिवालय घेराव का ऐलान

हरिद्वार के एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि-

गवाहों के बयान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी व्यक्ति को हिरासत में लिया. पूछताछ के बाद उसको गिरफ्तार कर लिया गया. छात्र के निर्दोष पाए जाने पर उसका नाम मुकदमे से हटा कर दिया गया. इसी के साथ आरोपी के एक अन्य साथी की तलाश जारी है.
-प्रमेंद्र डोभाल, एसएसपी, हरिद्वार-

प्रेमिका का पिता गिरफ्तार: छात्र के जल्द जेल से छूटने की उम्मीद है. निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर छात्र का भविष्य बचाने पर उसके परिजनों ने पुलिस का आभार जताया. पुलिस ने निर्दोष छात्र को न केवल न्याय दिलाया, बल्कि साजिशकर्ता को भी उसकी असल जगह जेल भेजने का काम किया.

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad