
लालकुआं। लालकुआं कोतवाली क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला ट्रांसपोर्ट नगर का है, जहां शुक्रवार दोपहर एचडीएफसी बैंक के समीप टायर की दुकान के बाहर खड़ी एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। चोरी की यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना के बाद क्षेत्र में वाहन सुरक्षा और पुलिस गश्त को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, परमा हल्दूचौड़ निवासी सूरज पाल मौर्य पुत्र माखन लाल मौर्य शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे अपनी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या UK04AJ0831 को ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एचडीएफसी बैंक के पास खड़ी कर निजी कार्य से किच्छा चले गए थे। जब वह वापस लौटे तो मौके से उनकी बाइक गायब थी। काफी तलाश करने के बाद भी बाइक का कोई पता नहीं चला।
इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें चार संदिग्ध युवक दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में एक युवक बाइक लेकर मौके से फरार होता नजर आ रहा है। पीड़ित ने इस संबंध में लालकुआं कोतवाली में तहरीर देकर पुलिस से जल्द कार्रवाई करते हुए बाइक बरामद करने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि लालकुआं, हल्दूचौड़ और मोटाहल्दू क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। लोगों के मुताबिक, घरों, दुकानों और सार्वजनिक स्थानों के बाहर खड़े वाहनों को निशाना बनाया जा रहा है। दिनदहाड़े बैंक के नजदीक से बाइक चोरी होने की घटना ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।
लगातार बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं से नाराज पीड़ित और क्षेत्रवासियों ने नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोरों की पहचान कर उनके खिलाफ विशेष अभियान चलाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की अपील की है।
वहीं, पीड़ित ने आमजन से भी अपील की है कि सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्ध युवकों के संबंध में किसी के पास कोई जानकारी हो तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें। फिलहाल मामले में पुलिस जांच और संदिग्धों की पहचान को लेकर कार्रवाई की प्रतीक्षा है।



