धारी। नैनीताल जिले में सतर्कता अधिष्ठान ने रिश्वतखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए धारी तहसील के एक पटवारी को गिरफ्तार किया है। विजिलेंस के मुताबिक आरोपी पटवारी निर्मल बोरा को 30 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया गया।
जानकारी के मुताबिक मौड़ा गांव निवासी शिकायतकर्ता अपनी भूमि की नाप कराने के संबंध में पटवारी से संपर्क में था। आरोप है कि संबंधित काम को आगे बढ़ाने के लिए पटवारी की ओर से 30 हजार रुपये की मांग की गई।
शिकायतकर्ता ने रिश्वत की रकम देने के बजाय इसकी सूचना सतर्कता अधिष्ठान की हेल्पलाइन 1064 पर दी। शिकायत के आधार पर विजिलेंस ने मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद ट्रैप की योजना तैयार की गई।
शनिवार 26 सितंबर को विजिलेंस टीम ने धारी तहसील क्षेत्र में कार्रवाई की। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता ने पटवारी को 30 हजार रुपये दिए। इसी दौरान मौके पर मौजूद सतर्कता टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पटवारी को पकड़ लिया।
विजिलेंस की कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की विधिक प्रक्रिया जारी है। सतर्कता अधिष्ठान के निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने कार्रवाई में शामिल टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।


