ADVERTISEMENTS Ad
खबर शेयर करें -

टैक्सी चालकों के लिए बुधवार का दिन हड़कंप भरा रहा। सुबह छह बजे से ही परिवहन विभाग की 19 टीमें सड़क पर उतरीं और यातायात नियमों का उल्लघंन करने वालीं 56 टैक्सियों पर कार्रवाई की। सभी वाहनों को परिवहन कार्यालय में खड़ा करा लिया गया। वहीं इनमें से 15 वाहन सीज किए गए, जबकि 41 पर चालानी कार्रवाई हुई।

टैक्सी चालकों के मनमानी जगहों से सवारी भरने की परिवहन विभाग को लगातार शिकायतें मिल रहीं थीं। इस पर विभाग ने बुधवार को अपने संभाग के चंपावत, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिलों के अधिकारियों की 19 टीमें बनाईं। टीमों ने हल्द्वानी रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, एसडीएम ऑफिस, काठगोदाम बस स्टैंड समेत कई जगहों पर अभियान चलाया। इस दौरान नो पार्किंग में खड़ी टैक्सियों, फिटनेस, डीएल, बीमा आदि का उल्लंघन करने वाले व डग्गामार टैक्सियों को परिवहन कार्यालय ले जाया गया। इससे दो घंटे में ही पूरे परिसर में टैक्सियों का जमावड़ा हो गया। चालकों में अफरातफरी मच गई। साथ ही यूनियन के पदाधिकारी भी परिवहन कार्यालय पहुंचने लगे। 15 टैक्सियां सीज हुईं, वहीं 41 पर चालानी कार्रवाई हुई। दोपहर बाद चालकों की मांग पर आरटीओ ने प्रार्थना पत्र लेकर पहाड़ जाने वाली टैक्सियों को छोड़ा। करीब 26 लोगों ने मौके पर चालान भरा तो कई ने बाद में भरने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। देर शाम तक परिवहन कार्यालय में करीब 20 टैक्सियां खड़ी रहीं। एआरटीओ प्रवर्तन जितेंद्र कुमार ने बताया कि चालानी कार्रवाई पहले भी की जाती रही है, लेकिन इससे उल्लंघन में कमी नहीं आ रही थी। इसलिए टैक्सियों को कार्यालय लाकर बंद कराया। इससे बड़ा असर देखने में आया है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: आपदा प्रभावित किसानों को CM धामी की बड़ी राहत, 3 महीने का बिजली बिल माफ; KCC ऋण वसूली पर भी पहल

जिस हालत में देखा, वैसे ही पकड़ लिया-

सुबह-सुबह चले अभियान में परिवहन विभाग ने जिस टैक्सी को जिस हालत में उल्लंघन करते देखा, उसे वैसे ही आरटीओ आफिस लेकर आ गए। कई टैक्सियों में सवारियां थीं, किसी ने अपने घर के बाहर टैक्सी खड़ी की थी, कोई सवारी न लेने के उद्देश्य से रोडवेज स्टेशन पर खड़ा था। नो-पार्किंग में टैक्सी मिलने पर सीधे कार्रवाई की गई। कई टैक्सी बरात में जाने वाली थीं, नो-पार्किंग में उन्हें भी पकड़कर आरटीओ कार्यालय लाया गया।

यह भी पढ़ें -  अंकिता भंडारी केस: इंडिया गेट पर रातभर प्रदर्शन, हिरासत के बाद रिहा हुए माता-पिता; पिता की चेतावनी—‘न्याय नहीं मिला तो देशभर में आंदोलन’

रोडवेज के एआरएम ने कई बार स्टेशन पर डग्गामारी की शिकायतें की थीं। वहीं जनता मिलन कार्यक्रम में भी टैक्सी चालकों की मनमानी की काफी शिकायतें मिली थीं। इस वजह से सड़क पर उतरकर कार्रवाई करनी पड़ी। अगर फिर ये रोडवेज और अन्य जगहों पर सवारियां भरेंगे तो कार्रवाई की जाएगी।-संदीप सैनी, आरटीओ (प्रशासन)।