
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार, 15 और 16 अक्टूबर को प्रदेश के कई जिलों में बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने गुरुवार को 11 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 16 अक्टूबर को पांच जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है।
आज इन 11 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना
15 अक्टूबर को देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, अल्मोड़ा, हरिद्वार, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।
इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान है। अचानक मौसम बदलने से लोगों को आवाजाही के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
16 अक्टूबर को पांच जिलों में चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार 16 अक्टूबर को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।
प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी गर्जन वाले बादल बनने और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
बारिश के बाद तापमान में गिरावट के आसार
मौसम में बदलाव के बाद प्रदेश के तापमान में गिरावट आ सकती है। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के चलते ठंड बढ़ने की संभावना है। मैदानी इलाकों में भी मौसम के उतार-चढ़ाव का असर महसूस हो सकता है।
17 से 21 अक्टूबर तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 17 अक्टूबर से प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम में सुधार होने की उम्मीद है। हालांकि, शुरुआती दो दिनों में कुछ पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।
- 17 और 18 अक्टूबर: उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ के कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। 3,800 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना है।
- 19 से 21 अक्टूबर: प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग ने सतर्क रहने की दी सलाह
गरज-चमक और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों पर रुकने तथा पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए। बिजली के खंभों और अन्य ऊंची संरचनाओं से दूरी बनाए रखें। तेज हवाओं और ओलावृष्टि के दौरान भी सावधानी बरतें।
आधिकारिक स्रोत: मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून।



