हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां धार्मिक अनुष्ठान के दौरान करंट लगने से एक युवा पुरोहित की असमय मृत्यु हो गई। इस हृदयविदारक घटना से जहां एक ओर कथा पंडाल में अफरा-तफरी मच गई, वहीं मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार को ‘डायल-112’ के माध्यम से सूचना मिली कि शिव पुराण कथा के दौरान करंट लगने से एक युवक की जान चली गई है। मामले की छानबीन करने पर मृतक की पहचान श्रीपुरम कॉलोनी (तल्ली हल्द्वानी) निवासी 35 वर्षीय भुवन चंद्र पंत के रूप में हुई, जो पेशे से पुरोहित थे।
शनिवार को भुवन चंद्र गौजाजाली उत्तर, आंवला चौकी रोड स्थित दुर्गा कॉलोनी निवासी जय दत्त भट्ट के आवास पर आयोजित शिव पुराण कथा में पूजा-अर्चना कराने गए थे। इसी दौरान वहां चल रहे एक कूलर में अचानक करंट उतर आया। दुर्भाग्यवश, पुरोहित भुवन चंद्र उसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े।
अस्पताल में घोषित किया मृत
आनन-फानन में परिजन और उपस्थित लोग उन्हें लेकर हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल पहुंचे। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ कर रख दिया है। बताया जा रहा है कि भुवन अपने घर के इकलौते चिराग थे। पिता के निधन के बाद पूरे घर की जिम्मेदारी, वृद्ध मां और बहन की देखरेख उन्हीं के कंधों पर थी। भुवन अभी अविवाहित थे। इकलौते बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


