breaking news
खबर शेयर करें -

लालकुआं बिंदुखत्ता: जहां कुछ घंटों पहले तक जन्मदिन की शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां सुबह होते ही चीख-पुकार और मातम पसर गया। पत्नी को जन्मदिन का सरप्राइज देने हरिद्वार से आए 30 वर्षीय कमल आर्य की शुक्रवार सुबह सोते समय संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रातभर परिवार के साथ खुशियां मनाने के बाद सुबह जब मोबाइल का अलार्म बजा, तब तक कमल हमेशा के लिए खामोश हो चुका था।

शादी के बाद पहला जन्मदिन मनाने आया था घर

​हल्दूचौड़ (दीना डी क्लास) निवासी कमल आर्य हरिद्वार की हीरो कंपनी में कार्यरत था। इसी वर्ष 30 अप्रैल को बिंदुखत्ता की एक युवती से उसका विवाह हुआ था। शादी के बाद पत्नी के इस पहले जन्मदिन को खास बनाने के लिए कमल बिना बताए अचानक घर पहुंच गया था। पति को अचानक सामने देख पत्नी की खुशी का ठिकाना नहीं रहा, लेकिन किसे पता था कि यह खुशियां चंद घंटों की मेहमान हैं।

सुबह बजता रहा अलार्म, नहीं टूटी नींद

​गुरुवार रात पूरे परिवार ने हर्षोल्लास के साथ केक काटा और खुशियां बांटीं। कमल ने सुबह 6 बजे लालकुआं से ट्रेन पकड़कर वापस हरिद्वार ड्यूटी पर लौटने की बात कहकर मोबाइल में अलार्म लगाया था। शुक्रवार सुबह जब अलार्म बजा, तो पत्नी ने उसे जगाने का प्रयास किया, लेकिन कमल के शरीर में कोई हरकत नहीं हुई।

अस्पताल में घोषित किया मृत, ‘साइलेंट अटैक’ की आशंका

​परिजन आनन-फानन में कमल को हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती तौर पर मौत की वजह ‘साइलेंट हार्ट अटैक’ मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। इस हृदयविदारक घटना से नवविवाहिता पत्नी और पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad