लालकुआं। हल्द्वानी की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार शुक्रवार शाम अचानक अनियंत्रित होकर लालकुआं रेलवे स्टेशन के ठीक सामने सड़क किनारे लगे फड़ और ठेलों में जा घुसी। गनीमत रही कि हादसे के समय मौके पर भीड़भाड़ नहीं थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, दुर्घटना में एक ऑटो और ठेला बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना आज शाम लगभग 8 बजे की है। हल्द्वानी की ओर से आ रही कार इतनी तेज गति में थी कि रेलवे स्टेशन के सामने पहुंचते ही चालक उस पर से नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू कार फड़ में घुसने से पहले वहां खड़े एक ऑटो से टकराई और फिर सीधे ठेले को रौंदते हुए रुक गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ठेले पर रखा सारा सामान सड़क पर बिखर गया तथा ऑटो और कार दोनों क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने कार में सवार युवकों को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला और लालकुआं कोतवाली पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवकों को हिरासत में लेकर कोतवाली भेजा। दुर्घटनाग्रस्त कार को देर रात क्रेन की मदद से सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया गया। पुलिस के अनुसार देर रात तक कोतवाली में दोनों पक्षों के बीच वार्ता चल रही थी।


