
लालकुआं। लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट का जन्मदिन सोमवार को सेवा, सम्मान और जनकल्याण के विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। लालकुआं, हल्दूचौड़, मोटाहल्दू, गोरापड़ाव, गोलापार, बिंदुखत्ता और चोरगलिया समेत विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने कार्यक्रम आयोजित कर विधायक को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
लालकुआं के वार्ड नंबर एक स्थित अंबेडकर पार्क में भाजपा मंडल अध्यक्ष अरुण जोशी के नेतृत्व में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 200 से अधिक लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई, जबकि जरूरतमंदों को दवाइयां वितरित की गईं। इस दौरान 100 से अधिक लोगों को आर्थिक सहायता के चेक भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
हल्दूचौड़ में 153 यूनिट रक्तदान
हल्दूचौड़ रामलीला मैदान में भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय उर्फ रोहित दुम्का के नेतृत्व में सेवा एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। यहां लगाए गए विशाल रक्तदान शिविर में 153 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। समाज कल्याण विभाग के सहयोग से दिव्यांगजनों के कार्ड बनाए गए, जबकि करीब 187 लोगों का टूल किट के लिए पंजीकरण किया गया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और स्थानीय कलाकारों ने गीतों के माध्यम से विधायक को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यकर्ताओं की ओर से तैयार विशेष केक विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने कार्यकर्ताओं के साथ काटा और सभी का आभार जताया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित भी किया गया।
अंतिम पायदान तक पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ: बिष्ट
जन्मदिन पर शुभकामनाएं देने पहुंचे कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि समाज की अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों को उनका अधिकार मिले और वे सम्मान के साथ जीवन जी सकें, इसके लिए जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना चाहिए। पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और जरूरतमंदों की सहायता करना जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री रंजन बरगली, विनीत अग्रवाल, सुरेश भट्ट, नवीन भट्ट, प्रताप बोरा, दिनेश खुल्बे, कमलनैन जोशी, अशोक पढ़ालनी, सरिता, हयात, राजकुमार, मनोज सहित ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के संयोजक हल्दूचौड़ मंडल अध्यक्ष विजय रोहित दुम्का तथा सह-संयोजक अशोक पढ़ालनी और विनोद भट्ट रहे। वहीं बिंदुखत्ता और चोरगलिया मंडल में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।



