खबर शेयर करें -

बरेली रोड स्थित मंडी क्षेत्र में सोमवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ एक दो साल की मासूम बच्ची काल के गाल में समा गई। गोल्डन ग्रीन नर्सरी के समीप खेल रही बच्ची अपने पड़ोसी की पिकअप की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। इस हादसे के बाद से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

खेलते-खेलते मौत के साये में पहुंची मासूम

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुंदन सिंह अपनी पत्नी गीतांजलि और इकलौती पुत्री काव्या (2 वर्ष) के साथ मंडी क्षेत्र में किराए के आवास पर रहते हैं। उनके पड़ोस में ही पिकअप चालक सुरेश चिलवाल का निवास है। बताया जा रहा है कि मासूम काव्या अक्सर पड़ोसी सुरेश के पास खेलने चली जाती थी। सोमवार को जब सुरेश अपने कार्य पर जाने के लिए अपनी पिकअप गाड़ी को रिवर्स (बैक) कर रहा था, तभी अचानक काव्या वाहन के पिछले टायर के नीचे आ गई। चालक को इस बात का भान नहीं हुआ और यह भीषण दुर्घटना घट गई।

यह भी पढ़ें -  सावधान! बिंदुखत्ता : ₹20 की 'मैजिक बुक' बेचने आई महिलाओं पर शक, पुलिस जांच

बुझ गया माता-पिता की आंखों का इकलौता तारा

​परिजनों द्वारा लहूलुहान अवस्था में काव्या को तत्काल चिकित्सालय ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। काव्या अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी, जिसके चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह भी पढ़ें -  बड़ी कार्रवाई, लालकुआं सहित 7 आदतन अपराधियों को छह माह के लिए किया जिला बदर

पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी

​घटना की सूचना मिलते ही बनभूलपुरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया। थानाध्यक्ष डीएस फर्त्याल के अनुसार, अभी तक पीड़ित परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत या तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर आगे की वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें -  वीआईपी कल्चर पर कड़ा प्रहार: नैनीताल में सरकारी गाड़ियों के निजी इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध

संपादन नोट: अग्रसर भारत न्यूज़ पोर्टल सभी पाठकों से अपील करता है कि वाहनों के संचालन के समय बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad