हल्द्वानी (25 जून 2026)। ‘मिशन ड्रग फ्री देवभूमि’ अभियान के अंतर्गत नैनीताल पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध एक और महत्वपूर्ण सफलता अर्जित की है। मुखानी थाना पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को 24 अवैध नशीले इंजेक्शनों के साथ रंगे हाथों दबोचा है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई आरंभ कर दी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के कुशल निर्देशन में संपूर्ण जनपद में नशा उन्मूलन हेतु विशेष अभियान चलाया जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक (हल्द्वानी) मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी (हल्द्वानी) अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा मुखानी थानाध्यक्ष सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 24 जून को क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया था।
आरोपी की पहचान: चेकिंग के दौरान पुलिस ने चंचल सक्सेना उर्फ चन्दू (आयु 30 वर्ष), निवासी नारायण नगर, कुसुमखेड़ा (मुखानी) को संदिग्ध अवस्था में हिरासत में लिया। जामा तलाशी के दौरान उसके पास से 24 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए।
नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
मुखानी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर संख्या 91/2026 के अंतर्गत धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस प्रशासन अब इस बात की गहनता से तफ्तीश कर रहा है कि आरोपी इन प्रतिबंधित इंजेक्शनों की खेप कहाँ से लाता था और इस अवैध कारोबार के मुख्य नेटवर्क में कौन-कौन से अपराधी संलिप्त हैं।
इस सराहनीय कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक (SI) दीपा जोशी, कांस्टेबल रोहित कुमार और कांस्टेबल रवींद्र खाती मुख्य रूप से शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि देवभूमि को नशामुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर और अधिक कड़ाई से जारी रहेगा।


