उत्तराखंड /नैनीताल
उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नैनीताल में घूमने आए मध्य प्रदेश के एक परिवार की खुशियाँ पल भर में मातम में बदल गईं। मल्लीताल क्षेत्र के एक होटल की तीसरी मंजिल से गिरे तीन वर्षीय मासूम ने दिल्ली के अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद से पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है।
असावधानी पड़ी भारी
जानकारी के मुताबिक, इंदौर निवासी विशाल सैनी अपने परिवार के साथ नैनीताल की वादियों का लुत्फ उठाने आए थे। रविवार सुबह उनका तीन साल का बेटा गौरांत कमरे में खेल रहा था। इसी बीच अचानक परिजनों की नजरें कुछ सेकेंड के लिए बच्चे से हटीं और मासूम खेलते-खेलते तीसरी मंजिल की खिड़की से करीब 20 फीट नीचे जा गिरा।
अस्पताल दर अस्पताल दौड़, पर नहीं बचा मासूम
हादसे के बाद होटल में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में घायल बच्चे को बीडी पांडे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल (हल्द्वानी) रेफर कर दिया। हल्द्वानी में हुई जाँचों में मासूम के सिर की हड्डी और गर्दन में गंभीर चोटों (फ्रैक्चर) की पुष्टि हुई।
हालत लगातार बिगड़ती देख डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल के लिए रेफर किया। बताया जा रहा है कि दिल्ली ले जाते समय रास्ते में बच्चे की धड़कनें भी रुक गई थीं, जिन्हें डॉक्टरों ने किसी तरह दोबारा रिवाइव किया। लेकिन सिर की गंभीर चोटों के कारण अंततः इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया।
सुरक्षा मानकों पर खड़े हुए बड़े सवाल
इस हृदयविदारक घटना से न केवल परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूटा है, बल्कि होटल में ठहरे अन्य पर्यटक और स्थानीय लोग भी सन्न हैं। यह दर्दनाक हादसा पर्वतीय क्षेत्रों के होटलों में कमरों और खिड़कियों की सुरक्षा व्यवस्था तथा बच्चों के प्रति बरती जाने वाली असावधानी पर गंभीर सवाल खड़े करता है।


