नीट और प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली से युवाओं का भविष्य खतरे में: वरिष्ठ कांग्रेसी नेता
लालकुआं। लालकुआं नगर कांग्रेस कमेटी द्वारा बुधवार को एन.डी. तिवारी बैंकट हॉल में एक महत्वपूर्ण डिजिटल संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नीट (NEET) सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई गंभीर अनियमितताओं और युवाओं के भविष्य से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर गहन मंथन हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के छात्र-छात्राओं, युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में शिरकत कर परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए अपनी आवाज बुलंद की।
डिजिटल संवाद में किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव और वरिष्ठ नेता हेमवती नंदन दुर्गापाल ने प्रमुखता से अपनी बात रखते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रही गड़बड़ियों ने देश और प्रदेश के युवाओं के मन में असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है। लाखों छात्र वर्षों तक कठिन परिश्रम कर इन परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, ऐसे में प्रश्नपत्र लीक होना या धांधली होना उनके मनोबल को पूरी तरह तोड़ देता है। उन्होंने मांग की कि सरकार परीक्षा प्रणाली में पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही तय करे, क्योंकि युवाओं के सपनों के साथ कोई भी समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने भी अत्यंत बेबाकी से अपनी राय साझा की। युवाओं ने कहा कि वर्तमान परीक्षा व्यवस्था से अभ्यर्थियों का विश्वास उठ रहा है, इसलिए इसे अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाना बेहद जरूरी है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राहुल छिमवाल ने युवाओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
इस अवसर पर हरेंद्र बोरा, बीना जोशी, कुंदन सिंह मेहता, नगर कांग्रेस अध्यक्ष भुवन पांडे, प्रदीप बथयाल, सईद सिद्दीकी, हिमांशु कबड़वाल, एलबीएस के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष विजय सामंत, सुहैल सिद्दीकी, दीपक बत्रा, हेमंत पांडे, योगेश उपाध्याय, मोहन कूड़ाई, सूरज राय, डॉ. बालम सिंह बिष्ट, कमलेश यादव, नवीन कापड़ी, सुमित कार्की, अमजद खान, विशाल झा, ललित भट्ट और खजान सहित कई गणमान्य लोग एवं सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


