
खटीमा (ऊधम सिंह नगर): उत्तराखंड के खटीमा में 20 वर्षीय युवक अभय उर्फ लल्लू की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात में मृतक का पुराना दोस्त ही आरोपी निकला। पुलिस के मुताबिक, नशे के इंजेक्शन को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने कथित तौर पर अभय का गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को पास के गटर में छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में की गई।
7 नवंबर की रात घर से निकला था अभय
पुलिस के अनुसार, शिव कॉलोनी वार्ड नंबर 17 निवासी अभय उर्फ लल्लू (20) सात नवंबर 2026 की रात करीब नौ बजे घर से बिना बताए कहीं चला गया था। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद नौ नवंबर को उसके बड़े भाई रवि ने कोतवाली खटीमा में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर युवक की तलाश शुरू की।
मोबाइल फोन लौटाने पर पुलिस को हुआ संदेह
जांच के दौरान पुलिस को मृतक के परिचित संजय गुप्ता (25) पर शक हुआ। बताया गया कि संजय ने अभय का मोबाइल फोन उसके परिजनों को यह कहते हुए वापस किया था कि फोन उसे रास्ते में पड़ा मिला। पुलिस ने संदेह के आधार पर संजय को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार कर ली और शव छिपाने की जानकारी दी।
नशे के इंजेक्शन को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि संजय और अभय पुराने दोस्त थे और दोनों नशे के आदी थे। सात नवंबर की रात करीब 9:45 बजे दोनों शिव कॉलोनी चौराहे पर मिले और वहां से पीछे स्थित एक खाली मैदान में चले गए। पुलिस के मुताबिक, दोनों स्मैक के सेवन के लिए इंजेक्शन तैयार कर रहे थे। इसी दौरान एक इंजेक्शन गिरने और बचे हुए इंजेक्शन को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर संजय ने पहले अभय का गला दबाया और फिर उसके लोअर के नाड़े से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने मृतक के पास रखे करीब 2,300 रुपये और मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए। शव को घटनास्थल से लगभग 15 से 20 मीटर दूर एक गटर में फेंककर छिपा दिया।
दीपावली पर खर्च कर दिए 1,700 रुपये
पुलिस के अनुसार, पकड़े जाने के डर से आरोपी ने आठ नवंबर को अभय का मोबाइल फोन उसके बड़े भाई रवि को लौटा दिया था। मृतक से लिए गए 2,300 रुपये में से आरोपी ने 1,700 रुपये दीपावली पर खर्च कर दिए, जबकि बाकी बचे 600 रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए हैं।
आरोपी की निशानदेही पर शव और हत्या में इस्तेमाल नाड़ा बरामद
पुलिस ने आरोपी संजय गुप्ता की निशानदेही पर शव और हत्या में इस्तेमाल किया गया नाड़ा बरामद कर लिया है। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट और एफएसएल टीम को बुलाकर जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय गुप्ता (25), पुत्र बालकिशन गुप्ता, निवासी शिव कॉलोनी वार्ड नंबर 17, खटीमा के रूप में हुई है।
आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं तीन मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, संजय के खिलाफ पहले भी तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2021 में चोरी एवं बरामदगी, वर्ष 2023 में धारा 304 आईपीसी और वर्ष 2025 में बीएनएस की धारा 303(2) व 317(2) के तहत मुकदमा शामिल है।
आरोपी का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका
हत्याकांड का खुलासा करने वाली टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल कुमार लुण्ठी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक केसी आर्य, उपनिरीक्षक राकेश राय, उपनिरीक्षक वेदपाल सिंह, कांस्टेबल किशोर कुमार और कांस्टेबल कमल पाल शामिल रहे।
एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुमशुदगी के मामले को हत्या की वारदात के रूप में उजागर किया।



