
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शराब के लिए रुपये मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने अपने ही पिता की चाकू से हमला कर हत्या कर दी। राजपुर थाना क्षेत्र के चालंग-कुल्हान में सोमवार शाम हुई इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चालंग-कुल्हान निवासी नितिन राणा (35) सोमवार शाम अपने पड़ोस में रहने वाले भांजे ऋषभ रावत से शराब खरीदने के लिए रुपये मांग रहा था। बताया जा रहा है कि नितिन शराब का आदी है। भांजे द्वारा रुपये देने से मना करने पर वह आपा खो बैठा और दरांती लेकर उस पर हमला करने के इरादे से दौड़ पड़ा। हालांकि, ऋषभ किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
बेटे को रोकने पहुंचे पिता पर किया चाकू से हमला
भांजे के साथ हुए विवाद की जानकारी मिलने पर 62 वर्षीय मदन राणा अपने बेटे को समझाने और रोकने के लिए पहुंचे। उन्होंने नितिन को उसकी हरकत पर डांटा, लेकिन गुस्से में बेकाबू आरोपी ने पिता की बात सुनने के बजाय उन पर ही चाकू से हमला कर दिया। हमले में मदन राणा गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
कोरोनेशन अस्पताल में उपचार के दौरान मौत
पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 7:15 बजे आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही राजपुर थाना प्रभारी पीडी भट्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल मदन राणा को 108 एंबुलेंस की सहायता से कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
आरोपी बेटा पुलिस हिरासत में, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
पिता की मौत के बाद पुलिस ने आरोपी नितिन राणा को हिरासत में ले लिया है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को बुलाकर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
शराब के लिए रुपये मांगने से शुरू हुआ विवाद एक परिवार के लिए कभी न भरने वाला जख्म बन गया। जिस पिता ने अपने बेटे को जीवनभर संभाला, उसी बेटे पर उनकी हत्या का आरोप है। इस घटना से चालंग-कुल्हान क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।



