खबर शेयर करें -

रामनगर: रामनगर में एक बार फिर सांप के काटने से घर के आंगन में खेल रही 6 साल की बच्ची की दर्दनाक मौत हुई है.रामनगर व आसपास के क्षेत्र में पिछले तीन महीनों में आधा दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत सांपों के काटे जाने से हुई है. वहीं बच्ची की मौत से घर में मातम छाया हुआ है.

रामनगर में अपने घर के आंगन में खेल रही 6 साल की बच्ची को घर में ही एक कोबरा सांप ने डस लिया. इसके बाद बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. वहीं मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने कोबरा सांप को रेस्क्यू कर लिया है.

बता दें कि रामनगर के ग्राम पंजाबपुर ढेला निवासी कुंदन अधिकारी की 6 साल की बेटी रोशनी अधिकारी अपने घर के आंगन में खेल रही थी. इसी बीच आंगन में खेलने के दौरान बच्ची के पैर में जहरीले कोबरा सांप ने काट लिया.बच्ची के चिल्लाने के बाद परिजन उसे रामनगर के सरकारी अस्पताल के अलावा कई और अन्य स्थानों पर उपचार के लिए ले गए, लेकिन तब तक बालिका ने दम तोड़ दिया था. घटना के बाद परिवार में मातम छाया हुआ है. वहीं सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद कोबरा को रेस्क्यू किया. बता दें कि रामनगर व आसपास के क्षेत्र में पिछले तीन महीनों में 6 से ज्यादा लोगों की मौत सांप के डसने से हो चुकी है. वहीं अस्पताल में उपचार ना मिलने से क्षेत्र के लोगों में रोष भी व्याप्त है.

 

 

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad