
लालकुआं: पंतनगर में आयोजित किसान मेला देखने की खुशी लेकर बाइक से निकले मोटाहल्दू क्षेत्र के एक युवक की दर्दनाक सड़क हादसे में जान चली गई। लालकुआं वीआईपी गेट के पास रेलवे ओवरब्रिज के समीप पीछे से आए एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही अचेत हो गया।
सूचना मिलने पर पहुंची 112 पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से युवक को डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच), हल्द्वानी भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
किसान मेला देखने जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मोटाहल्दू के ग्राम भवान सिंह नवाड़ निवासी 30 वर्षीय आनंद पवार (पुत्र स्वर्गीय प्रहलाद सिंह पवार) रविवार को बाइक से पंतनगर किसान मेला देखने जा रहा था। जैसे ही वह लालकुआं वीआईपी गेट के समीप रेलवे ओवरब्रिज के पास पहुंचा, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में भीषण टक्कर मार दी। टक्कर मारते ही चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी चालक की तलाश
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। इसके लिए घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
परिवार में टूटा दुखों का पहाड़, क्षेत्र में शोक की लहर
आनंद पवार की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। दो वर्ष पूर्व ही आनंद के पिता का निधन हुआ था। उसके बड़े भाई और बहन का विवाह हो चुका है, जबकि आनंद स्वयं रोजगार की तलाश कर रहा था। हंसते-खेलते घर से निकले युवा बेटे की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दुखद घटना से पूरे मोटाहल्दू क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है, और ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपी चालक को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है।



