
हरिद्वार। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हरिद्वार में आयोजित राज्य मंत्रिमंडल की बैठक संपन्न हो गई। बैठक में विकास, स्वास्थ्य, आवास और आगामी कुंभ मेला 2027 की तैयारियों से जुड़े 13 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। कैबिनेट के फैसलों में अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में अतिरिक्त छूट देने और हरिद्वार में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय शामिल हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हरिद्वार में कैबिनेट बैठक आयोजित करने का उद्देश्य जनता से जुड़े फैसले जनता के बीच जाकर लेना है। बैठक के बाद सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने मीडिया को कैबिनेट के निर्णयों की जानकारी दी।
अग्निवीरों को भर्ती प्रक्रिया में मिलेगी अतिरिक्त छूट
कैबिनेट ने अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में अतिरिक्त राहत देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। समूह ‘ग’ के वर्दीधारी पदों की भर्ती में अग्निवीरों के लिए पहले से लागू 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण के अतिरिक्त अब लिखित परीक्षा, शारीरिक परीक्षा और निर्धारित ऊंचाई से संबंधित मानकों में भी छूट देने का निर्णय लिया गया है। इससे सरकारी सेवाओं में अवसर तलाश रहे पूर्व अग्निवीरों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
हरिद्वार में बनेगा प्राच्य शोध संस्थान
कैबिनेट ने हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान की स्थापना के लिए सोसायटी गठित करने को मंजूरी दी है। संस्थान के माध्यम से भारतीय योग, ध्यान, ज्योतिष और अन्य आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विषयों से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। इसका संचालन सोसायटी मॉडल के तहत किया जाएगा।
ईएसआई अस्पताल के लिए मिलेगी 10 एकड़ जमीन
हरिद्वार में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में ईएसआई अस्पताल के लिए 10 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इस निर्णय से क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को गति मिलने की उम्मीद है।
बाढ़ क्षेत्र और आवासीय योजना से जुड़े फैसले
कैबिनेट ने बाढ़ मैदान परिक्षेत्रण नियमावली को मंजूरी प्रदान की। इसके अलावा हरिद्वार जिले के भगवानपुर में सरकारी आवासीय योजना के तहत सड़कों के मानकों में कमी करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई।
प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन पर जताया आभार
बैठक से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मंत्रिमंडल के सदस्यों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मां गंगा की पूजा-अर्चना की और गंगा आरती की। इस दौरान प्रधानमंत्री के स्वस्थ, सुखमय और दीर्घायु जीवन की कामना की गई।
मुख्यमंत्री ने देश और प्रदेश के विकास में प्रधानमंत्री के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश का आत्मविश्वास मजबूत हुआ है और विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए कार्य किए गए हैं।
धामी कैबिनेट की इस बैठक में कुंभ मेला 2027 की तैयारियों सहित विभिन्न विकास योजनाओं से संबंधित विषयों पर भी चर्चा हुई। सरकार के अनुसार, बैठक में प्रस्तुत सभी 13 प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई।



