हल्दूचौड़/लालकुआं। हल्दूचौड़ क्षेत्र में बंद मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने के मामले का लालकुआं पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के जेवरात और जेवर बेचकर मिले 25 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। वहीं, घटना में शामिल उसका साथी अभी फरार है।
जानकारी के अनुसार हल्दूचौड़ निवासी कलावती भट्ट करीब दो माह पहले उपचार के लिए अपनी बेटी के पास बेंगलुरु गई थीं। उनके घर पर ताला लगा हुआ था। इसी दौरान 4 सितंबर 2026 को अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। मामले में थाना लालकुआं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से मिला सुराग
चोरी की घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने 19 सितंबर 2026 को जयपुरबीसा, हल्दूचौड़ क्षेत्र से यासीन पुत्र सफी अहमद (35 वर्ष), निवासी डोंगपुरी, गदरपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पेंट का काम तलाशने के बहाने करते थे बंद मकानों की रेकी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी आबिद उर्फ लालू के साथ दिन के समय पेंट का काम तलाशने के बहाने इलाके में घूमते थे। इसी दौरान वे बंद मकानों की रेकी करते थे। रात में आसपास के लोगों के सो जाने के बाद करीब 12 से 1 बजे के बीच सरिया आदि की मदद से मकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
चोरी के जेवर और ₹25 हजार बरामद
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पीली धातु की फूलदार अंगूठी, चांदी का मंगलसूत्र, एक जोड़ी चांदी की पायल, दो जोड़ी चांदी के बिछुए बरामद किए गए हैं। इसके अलावा चोरी किए गए सोने के लॉकेट को बेचने से प्राप्त 25 हजार रुपये नकद भी पुलिस ने बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की है।
साथी आबिद उर्फ लालू फरार
पुलिस के मुताबिक चोरी की वारदात में शामिल आबिद उर्फ लालू पुत्र मोहम्मद हुसैन अभी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार आबिद के खिलाफ हल्द्वानी थाने में चोरी और नकबजनी समेत कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस टीम
चोरी की घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी हल्दूचौड़ अर्जुन गिरी, कांस्टेबल गुरमेज सिंह और कांस्टेबल गणेश गिरी शामिल रहे। पुलिस गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।


