नैनीताल:
सरोवर नगरी नैनीताल से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहाँ मल्लीताल स्थित बी.डी. पांडेय अस्पताल के पास मुख्य मार्ग पर जल संस्थान के एक ट्रक के अचानक ब्रेक फेल हो गए। ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हुए इस भारी वाहन ने सड़क पर चल रही दो महिला पर्यटकों को बुरी तरह रौंद दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।
दिल्ली से परिवार के साथ घूमने आईं थीं महिलाएं
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना की शिकार हुईं दोनों महिलाएं दिल्ली के गगन विहार क्षेत्र की रहने वाली हैं। वे आज ही अपने परिवार के साथ नैनीताल की खूबसूरत वादियों का लुत्फ उठाने पहुंची थीं, लेकिन कुछ ही देर में उनकी खुशियां इस हादसे के बाद मातम में बदल गईं। ट्रक की चपेट में आने से एक महिला की टांग और दूसरी महिला के हाथ बुरी तरह कुचल गए हैं।
स्थानीय लोगों ने दिखाई इंसानियत, हल्द्वानी हायर सेंटर रैफर
हादसे के तुरंत बाद वहां मौजूद स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित परिवार की जमकर मदद की। लहूलुहान हालत में दोनों महिलाओं को तुरंत नजदीकी बी.डी. पांडेय अस्पताल ले जाया गया। जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए एम्बुलेंस के माध्यम से तुरंत हल्द्वानी हायर सेंटर के लिए रैफर कर दिया है।
कई टैक्सियां भी हुईं दुर्घटनाग्रस्त
चश्मदीदों के मुताबिक, जल संस्थान का यह ट्रक पूरी तरह से आउट ऑफ कंट्रोल हो चुका था। महिलाओं को अपनी चपेट में लेने के साथ ही अनियंत्रित ट्रक ने वहां खड़ी कुछ अन्य टैक्सी गाड़ियों को भी जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।


