
रामनगर (नैनीताल)। उत्तराखंड के रामनगर में पुलिस ने एक बहुत बड़े अनैतिक देह व्यापार सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. मंजूनाथ टीसी की सटीक रणनीति और कड़े निर्देशन में एसओजी (SOG) तथा पुलिस लाइन फोर्स ने संयुक्त रूप से ढेला क्षेत्र के एक रिसॉर्ट में औचक छापेमारी की। इस दौरान रिसॉर्ट के भीतर लंबे समय से अवैध रूप से संचालित हो रहे एक हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का सनसनीखेज खुलासा हुआ है।
52 लोग पकड़े गए, 10 युवतियों को किया गया सुरक्षित रेस्क्यू
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से कुल 51 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया है। इस पूरे अनैतिक धंधे के चंगुल से पुलिस ने 10 युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू (मुक्त) कराया है। बचाई गई युवतियां नेपाल, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की बताई जा रही हैं, जिन्हें यहाँ देह व्यापार के दलदल में धकेला गया था।
बिना लाइसेंस के चल रहा था बार; भारी नकदी और अवैध शराब बरामद
छापेमारी के दौरान यह भी सामने आया कि रिसॉर्ट के भीतर बिना किसी वैध लाइसेंस के अवैध रूप से बार का संचालन किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अवैध शराब, भारी कैश (नकदी) और कई अन्य आपत्तिजनक सामग्रियां बरामद की हैं।
स्टाफ की मिलीभगत, रिसॉर्ट मैनेजर फरार
शुरुआती जांच में इस घिनौने रैकेट में होटल के कर्मचारियों और स्टाफ की पूरी मिलीभगत सामने आई है। छापेमारी भनक लगते ही रिसॉर्ट का मैनेजर मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने साफ किया है कि देवभूमि की पवित्रता को भंग करने वाले और वन्यजीव क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में इस तरह की अवैध व अनैतिक गतिविधियों को अंजाम देने वाले किसी भी अपराधी या रिसॉर्ट संचालक को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस फिलहाल पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।


