खबर शेयर करें -

लालकुआं नगर पंचायत ने स्वच्छता के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए अटल निर्मल पुरस्कार 2025 में प्रदेशभर में पहला स्थान हासिल किया है। इस उपलक्ष्य में नगर पंचायत का सम्मान समारोह कल 1 अक्टूबर 2025 को शाम 4:00 बजे मुख्य सेवक सदन, देहरादून में आयोजित होगा।नगर पंचायत को यह सम्मान जनता की सक्रिय भागीदारी और निरंतर सहयोग से प्राप्त हुआ है। स्वच्छता अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने में नगर पंचायत अध्यक्ष श्री सुरेंद्र सिंह लोटनी के नेतृत्व और प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। लोटनी ने अपने कार्यकाल में नगर की सफाई व्यवस्था में व्यापक सुधार के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता अभियानों पर विशेष ध्यान दिया। उनका लक्ष्य लालकुआं को न केवल स्वच्छ बनाना है, बल्कि यहाँ के नागरिकों में साफ-सफाई की आदत को स्थायी रूप से विकसित करना भी है।अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी और नगर पंचायत प्रशासन ने इस उपलब्धि को लालकुआं की पूरी जनता को समर्पित किया है। उन्होंने नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लालकुआं को स्वच्छ बनाने में हर नागरिक का योगदान सराहनीय रहा है। साथ ही उन्होंने अपील की कि भविष्य में भी सभी लोग इसी तरह मिलकर सहयोग करें, ताकि लालकुआं पूरे प्रदेश ही नहीं बल्कि देश का स्वच्छतम नगर बन सके।