लालकुआं/नैनीताल (अग्रसर भारत ब्यूरो): नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के वर्तमान बोर्ड के सफल दो वर्ष पूर्ण होने और अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह के पावन अवसर पर संस्थान ने पशुपालकों को बड़ी राहत दी है। संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने एक भव्य संगोष्ठी के दौरान जनपद की 700 से अधिक महिला दुग्ध उत्पादकों की उपस्थिति में दूध के खरीद मूल्यों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी का ऐतिहासिक निर्णय साझा किया।
15 अप्रैल से लागू होंगी नई दरें
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने बताया कि बोर्ड बैठक में दुग्ध उत्पादकों के हित को सर्वोपरि रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। बढ़ी हुई दरें आगामी 15 अप्रैल से पूरे जनपद में प्रभावी हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में यह घोषणा उन जुझारू महिलाओं के लिए एक ‘उपहार’ है, जो दुग्ध व्यवसाय की रीढ़ हैं।
उत्पादकों का सर्वांगीण विकास ही मुख्य लक्ष्य
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुकेश बोरा ने कहा:
”नैनीताल दुग्ध संघ का एकमात्र उद्देश्य जनपद के दुग्ध उत्पादकों का आर्थिक और सामाजिक उत्थान करना है। संघ केवल एक व्यापारिक इकाई नहीं, बल्कि प्रत्येक पशुपालक के सुख-दुख का साथी है। हम उत्पादकों की हर छोटी-बड़ी समस्या के समाधान के लिए सदैव तत्पर खड़े हैं।”
महिला शक्ति का दिखा उत्साह
इस भव्य आयोजन में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिला दुग्ध उत्पादकों ने प्रतिभाग किया। दुग्ध मूल्य में वृद्धि की घोषणा से महिला पशुपालकों में भारी उत्साह देखा गया। वक्ताओं ने कहा कि लागत बढ़ने के इस दौर में ₹2 की वृद्धि पशुपालकों की आय बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी।
संघ के प्रबंधन ने विश्वास दिलाया कि गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ नैनीताल दुग्ध संघ भविष्य में भी जनहित के निर्णय लेता रहेगा।


