
लालकुआं। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी वक्त है, लेकिन लालकुआं विधानसभा सीट पर भाजपा के भीतर टिकट को लेकर सियासी हलचल तेज होने लगी है। पार्टी में संभावित प्रत्याशियों के नामों को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। टिकट की दौड़ में आठ नेताओं के नाम सामने आए हैं, जिनमें से छह नेताओं ने पार्टी की रायशुमारी में शामिल होकर चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की है। वहीं, मौजूदा विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट की अनुपस्थिति ने इस पूरी कवायद को और दिलचस्प बना दिया है।
दरअसल, मंगलवार को हल्द्वानी स्थित भाजपा के कुमाऊं संभाग कार्यालय में प्रदेश कोर कमेटी के सदस्य एवं कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के संभावित दावेदारों के साथ रायशुमारी की। इस प्रक्रिया के लिए वर्तमान विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक नवीन दुम्का, उमेश शर्मा, कमलेश चंदोला, दीपेंद्र कोश्यारी, देवेंद्र सिंह बिष्ट, मुकेश बेलवाल और कमल मुनि को आमंत्रित किया गया था।
बैठक में छह नेता पहुंचे और उन्होंने अपनी राजनीतिक मंशा जाहिर करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी टिकट के लिए दावेदारी पेश की। हालांकि, मौजूदा विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट और कमलेश चंदोला निजी कारणों से रायशुमारी में शामिल नहीं हुए।
दीपेंद्र कोश्यारी और मुकेश बेलवाल की सक्रियता ने बढ़ाई चर्चा
रायशुमारी के दौरान युवा भाजपा नेता दीपेंद्र कोश्यारी और गौलापार क्षेत्र में सक्रिय मुकेश बेलवाल की दावेदारी विशेष चर्चा में रही। दोनों नेताओं की राजनीतिक सक्रियता को लालकुआं सीट के संभावित टिकट समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है।
वहीं, पूर्व विधायक नवीन दुम्का की मौजूदगी ने भी मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। इसके अलावा उमेश शर्मा, देवेंद्र सिंह बिष्ट और कमल मुनि ने भी चुनाव लड़ने की इच्छा जताकर अपनी दावेदारी सामने रखी है। ऐसे में भाजपा के भीतर पुराने अनुभवी चेहरों से लेकर युवा नेताओं तक के बीच टिकट की प्रतिस्पर्धा तेज होती नजर आ रही है।
विधायक मोहन बिष्ट की गैरमौजूदगी बनी चर्चा का विषय
पूरी राजनीतिक कवायद में सबसे ज्यादा चर्चा मौजूदा विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट के बैठक में शामिल नहीं होने को लेकर हो रही है। हालांकि उनकी अनुपस्थिति का कारण निजी बताया गया है, लेकिन टिकट के संभावित दावेदारों की मौजूदगी वाली इस महत्वपूर्ण बैठक से उनका दूर रहना राजनीतिक चर्चाओं को जन्म दे रहा है।
उधर, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी और हिंदूवादी नेता कमल मुनि की सक्रियता ने भी पार्टी के भीतर संभावित समीकरणों को लेकर अटकलें तेज कर दी हैं।
भाजपा ने टिकट चयन की प्रक्रिया मानने से किया इनकार
हालांकि भाजपा की ओर से इस रायशुमारी को सीधे तौर पर टिकट वितरण की प्रक्रिया नहीं बताया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक के अनुसार संगठन विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की स्थिति, जनता की राय और आगामी चुनाव की रणनीति को लेकर फीडबैक जुटा रहा है।
इसके बावजूद संभावित दावेदारों को बुलाकर उनकी चुनाव लड़ने की इच्छा जानने की कवायद ने लालकुआं की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है।
फिलहाल आठ चर्चित नामों और छह नेताओं की खुली दावेदारी के बीच लालकुआं भाजपा में टिकट की जंग दिलचस्प मोड़ पर पहुंचती दिखाई दे रही है। अब देखना होगा कि मौजूदा विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट की दावेदारी के बीच पार्टी नेतृत्व किस चेहरे पर भरोसा जताता है और आगामी चुनाव के लिए किसे अपना उम्मीदवार बनाता है।



