ADVERTISEMENTS Ad
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। शहर की सड़कों और गलियों को रोशन करने के लिए नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। शहर में लंबे समय से खराब पड़ी प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने के उद्देश्य से 10 हजार नई स्ट्रीट लाइटें खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। सोमवार, 2 नवंबर को मेयर गजराज बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित नगर निगम की बोर्ड बैठक में कुल 17 प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से मुहर लगी।

बैठक में शहर के विकास, सफाई व्यवस्था, बुनियादी सुविधाओं और नए निगम क्षेत्रों से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। खास बात यह रही कि नगर निगम में शामिल किए गए नए ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को राहत देते हुए निगम की दुकानों के किराये में दी गई छूट की अवधि बढ़ाकर 31 दिसंबर 2026 तक कर दी गई है।

यह भी पढ़ें -  बागेश्वर में खौफनाक वारदात! 18 दिन से लापता वरिष्ठ अधिवक्ता की हत्या, गोमती नदी किनारे मिला शव

छात्रावास से लेकर पार्क के सौंदर्यीकरण तक कई फैसले

नगर निगम बोर्ड ने काठगोदाम स्थित नगर निगम इंटर कॉलेज में अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास बनाने और डीके पार्क के सौंदर्यीकरण के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। इसके अलावा बनभूलपुरा की गली नंबर 12 स्थित पुराने मीट मार्केट के पुनर्निर्माण, शनि बाजार मोड़ पर सड़क चौड़ीकरण के दौरान ध्वस्त हुई दुकानों के दोबारा निर्माण तथा राजपुरा और शीशमहल में सामुदायिक भवनों से जुड़े प्रस्तावों को हरी झंडी दी गई।

शहर की विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 500 नए विद्युत पोल और तार खरीदने का निर्णय भी लिया गया। वहीं, कबाड़ी और बढ़ई व्यवसाय के ट्रेड लाइसेंस शुल्क की नई दरें निर्धारित करने और नगर निगम की दुकानों का सर्वे कराने के प्रस्ताव भी पारित हुए।

यह भी पढ़ें -  (बड़ी खबर)ऑनलाइन माध्यमों से संस्कृत को वैश्विक पहचान दिला रहे अमित ओली, पीएचडी की उपाधि प्राप्त कर बढ़ाया चम्पावत का गौरव

सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन पर भी जोर

बैठक में शहर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 को अपनाने, परेवा वेस्ट कूड़ा प्लांट में पहले से स्वीकृत डीपीआर के कार्यों को मौजूदा दरों पर कराने और गौला रोखड़ में प्लास्टिक प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

इसके साथ ही शहर में विशेष सफाई अभियान चलाने और मानसून के दौरान अलग से विशेष सफाई टीम तैनात करने का निर्णय लिया गया। नगर निगम इंटर कॉलेज के शिक्षकों के वेतन में वृद्धि तथा सेवानिवृत्त पर्यावरण मित्रों के स्थान पर नई स्वच्छता समितियों के गठन को भी स्वीकृति मिली।

नए नामित पार्षदों को दिलाई गई शपथ

बोर्ड बैठक की शुरुआत में शासन की ओर से नामित पार्षद दिनेश सिंह बिष्ट और संजय भोजक को मेयर गजराज बिष्ट ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान दोनों का स्वागत भी किया गया।

यह भी पढ़ें -  लालकुआं में भाजपा टिकट की जंग हुई दिलचस्प! आठ नेताओं के नाम चर्चा में, छह ने पेश की दावेदारी; मौजूदा विधायक की गैरमौजूदगी ने बढ़ाई हलचल

मेयर गजराज बिष्ट ने कहा कि नगर निगम हल्द्वानी के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। पिछले 18 महीनों के कार्यकाल में जनता और पार्षदों की ओर से उठाई गई समस्याओं और विकास संबंधी मांगों को प्राथमिकता देते हुए बोर्ड बैठक में रखा गया। सभी पार्षदों ने आपसी सहमति से प्रस्तावों को मंजूरी दी है।

उन्होंने कहा कि नगर निगम का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना और विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाना है।

बैठक में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, वित्त अधिकारी स्मिता जोशी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर टोलिया सहित पार्षद गणेश भट्ट, नवल नौटियाल, महेश पाठक और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

By पंकज शर्मा

निष्पक्ष, सटीक और त्वरित समाचार आप तक पहुँचाने के संकल्प के साथ 'अग्रसर भारत' की नींव रखी गई है। डिजिटल मीडिया पत्रकारिता (DJNM) में प्रशिक्षित संपादक पंकज शर्मा के नेतृत्व में हमारा लक्ष्य हर खबर को उसकी सच्चाई और जिम्मेदारी के साथ आपके सामने लाना है।