ADVERTISEMENTS Ad
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। हल्द्वानी में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

एक स्टोन क्रशर कारोबारी को कथित आपत्तिजनक वीडियो के माध्यम से ब्लैकमेल कर करीब सात करोड़ रुपये की वसूली करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने कारोबारी से पांच करोड़ रुपये नकद एवं ऑनलाइन माध्यमों से वसूले, जबकि करीब दो करोड़ रुपये मूल्य के चार भूखंड भी अपने और करीबियों के नाम करा लिए। मामले में हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने ज्योति, मोहम्मद मुश्ताक समेत सात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जबरन वसूली, धमकी और आपराधिक षड्यंत्र सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, कथित ब्लैकमेलिंग का सिलसिला वर्ष 2015 में शुरू हुआ। आरोप है कि इसी दौरान ज्योति सिंह एक व्यक्ति के साथ कारोबारी के स्टोन क्रशर पर पहुंची और मुकदमे में फंसे होने तथा आर्थिक परेशानी का हवाला देकर मदद मांगी। इसके बाद दोनों के बीच परिचय बढ़ गया। कारोबारी का आरोप है कि एक दिन महिला ने पूजा के बहाने उसे अपने घर बुलाया और प्रसाद में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। इसके बाद उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बना लिए गए। इन्हीं वीडियो को सार्वजनिक करने तथा दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर कथित रूप से ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी गई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, परिवार और सामाजिक प्रतिष्ठा बचाने के दबाव में उसने वर्ष 2016 में ही 45 लाख रुपये दे दिए। इसके बाद वर्ष 2022 तक महिला से कोई संपर्क नहीं रहा। आरोप है कि वर्ष 2022 में महिला ने दोबारा संपर्क किया और फिर से धनराशि तथा संपत्ति की मांग शुरू कर दी। इस कथित वसूली में मोहम्मद मुश्ताक समेत अन्य लोगों की संलिप्तता का भी आरोप लगाया गया है।
कारोबारी ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि आरोपियों ने अलग-अलग माध्यमों से करीब पांच करोड़ रुपये वसूले। इसके अलावा हल्द्वानी में चार भूखंड अपने, महिला की बेटी और एक अन्य साथी के नाम पंजीकृत करा लिए, जिनकी कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई गई है। एक कार और स्कूटी लेने का आरोप भी लगाया गया है। इसके अतिरिक्त आरके टेंट हाउस रोड पर मकान खरीदने के नाम पर 30 लाख रुपये तथा हीरानगर में मकान के लिए 60 लाख रुपये लेने की बात भी शिकायत में कही गई है।
शिकायत में बैंकिंग लेनदेन के कथित तरीके का भी उल्लेख किया गया है। आरोप है कि भूखंडों की रजिस्ट्री के दौरान लेनदेन को वैध दिखाने के लिए पहले कारोबारी से नकदी ली जाती थी। इसके बाद चेक के माध्यम से भुगतान दर्शाकर वही धनराशि आरटीजीएस के जरिए उसके खाते में वापस भेज दी जाती थी और फिर दोबारा नकदी ले ली जाती थी। कारोबारी ने महिला पर प्रतिदिन 30 प्रतिशत ब्याज की मांग करने का आरोप भी लगाया है।
शिकायत के मुताबिक, पांच नवंबर को ज्योति काठगोदाम के हाईडिल गेट स्थित कारोबारी के छोटे भाई के घर पहुंची और फिर धनराशि की मांग करने लगी। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात कहने पर विवाद हो गया। आरोप है कि महिला ने अपने साथियों को भी मौके पर बुला लिया और रुपये नहीं देने पर जान से मरवाने तथा निजी वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी दी। इससे परेशान होकर कारोबारी ने पुलिस से शिकायत कर अपने और परिवार की सुरक्षा की मांग की।
पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर की रात शिकायत मिलने के बाद सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक दीपक सिंह को सौंपी गई है। पुलिस चारों भूखंडों की रजिस्ट्री, संपत्ति संबंधी दस्तावेजों, बैंक खातों के लेनदेन और नकदी से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि विवेचना पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें -  नैनीताल पुलिस का यातायात नियमों पर शिकंजा, 251 वाहनों के चालान, 10 सीज; कई चालकों के डीएल निरस्त करने की तैयारी, जानिए
Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

By पंकज शर्मा

निष्पक्ष, सटीक और त्वरित समाचार आप तक पहुँचाने के संकल्प के साथ 'अग्रसर भारत' की नींव रखी गई है। डिजिटल मीडिया पत्रकारिता (DJNM) में प्रशिक्षित संपादक पंकज शर्मा के नेतृत्व में हमारा लक्ष्य हर खबर को उसकी सच्चाई और जिम्मेदारी के साथ आपके सामने लाना है।