
लालकुआं। जनगणना-2027 को सफल बनाने के लिए नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने की पहल की है। दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जनपद की 710 दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के माध्यम से लगभग 34 हजार दुग्ध उत्पादकों एवं उनके परिवारों तक जनगणना का संदेश पहुंचाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में खाद्य पूर्ति अधिकारी एवं सहायक चार्ज अधिकारी मोहित कठायत ने जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत संचालित स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने इस राष्ट्रीय अभियान में आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने और दुग्ध उत्पादकों को ऑनलाइन स्व-गणना के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।
इस दौरान निर्णय लिया गया कि पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों में संचालित सभी दुग्ध समितियों के पदाधिकारियों, सचिवों और संबंधित कर्मचारियों के सहयोग से दुग्ध उत्पादकों तथा उनके परिवारों को स्व-गणना की प्रक्रिया, उसकी उपयोगिता और ऑनलाइन पंजीकरण के संबंध में जागरूक किया जाएगा।
दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं की आधारशिला है। सटीक जनसंख्या आंकड़ों के आधार पर ही सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का बेहतर नियोजन और प्रभावी क्रियान्वयन कर सकती है। उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय अभियान की सफलता के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।
उन्होंने सभी दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के सचिवों को लिखित पत्र भेजकर अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने तथा दुग्ध उत्पादकों को स्व-गणना प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समिति सचिव व्यक्तिगत रूप से भी उत्पादकों से संपर्क कर उन्हें ऑनलाइन पंजीकरण की जानकारी दें, ताकि अभियान का संदेश प्रत्येक परिवार तक पहुंच सके। साथ ही दुग्ध उत्पादकों से स्वयं स्व-गणना करने और अपने रिश्तेदारों एवं आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करने की अपील की।
मुकेश बोरा ने बताया कि जनगणना-2027 के अंतर्गत जनपद नैनीताल में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध है। नागरिक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर मोबाइल अथवा लैपटॉप के माध्यम से अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं। सफलतापूर्वक विवरण जमा करने के बाद 11 अंकों की स्व-गणना पहचान संख्या प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक है। बाद में प्रगणक के घर पहुंचने पर यह पहचान संख्या उन्हें उपलब्ध करानी होगी।
उन्होंने कहा कि नैनीताल दुग्ध संघ दुग्ध उत्पादकों के आर्थिक एवं सामाजिक हितों के संरक्षण और संवर्धन के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता तथा जनहित से जुड़े राष्ट्रीय अभियानों में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा। उन्होंने सभी दुग्ध समितियों से पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों के अधिक से अधिक परिवारों तक जागरूकता का संदेश पहुंचाने की अपील की।
बैठक में सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी. एंड आई. प्रभारी सुभाष बाबू तथा प्रभारी एमआईएस जनगणना लिपिक कमलेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



