ADVERTISEMENTS Ad
खबर शेयर करें -

लखीमपुर। ग्राम मिर्जापुर के प्रधान के पुत्र अंकित (26) की मंगलवार की रात उसके ही खेत में नृशंस हत्या कर दी गई। घटना का पता देर रात चला जब बेटे के न लौटने पर ग्राम प्रधान खेत में पहुंचे।

सुबह तक घटनास्थल पर भारी भीड़ एकत्र हो गई। सीओ धौरहरा प्रीतम पाल सिंह, धौरहरा कोतवाल दिनेश सिंह और ईसानगर एसओ भी दल बल के साथ मौके पर पहुंच गए।

प्रथम दृष्टया हत्या के पीछे जमीन से संबंधित पुश्तैनी विवाद बताया जा रहा है, लेकिन जिस नृशंस तरीके से घटना को अंजाम दिया गया, उससे दूसरी आशंकाओं को लेकर भी पुलिस सजग है।

यह है पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, मिर्जापुर के प्रधान नंदकिशोर की खेती घाघरा पर मुजेहना में है। वहीं अक्सर प्रधान और उनके बेटे रुकते भी रहे हैं। मंगलवार की रात नंदकिशोर और उनका बेटा अंकित मुजेहना में ही थे।

बताते हैं कि शाम को अंकित ट्रैक्टर लेकर एक किलोमीटर दूर खेत में काम करने गया था। वहीं उसकी हत्या कर दी गई। हत्यारों ने अंकित को ट्रैक्टर के हाइड्रोलिक से बांध दिया और स्टार्ट ट्रैक्टर को गेयर में डालकर रफ्तार में चलता छोड़ कर चले गए। जब तक डीजल रहा ट्रैक्टर तेज रफ्तार से खेतों की फसल रौंदते हुए घूमता रहा।

इस दौरान गन्ना और खेत में लगे कटीले व ब्लेड के तारों से अंकित का शव क्षत विक्षत हो गया। फिर डीजल खत्म होने पर ही ट्रैक्टर रुका। देर रात तक बेटे के न लौटने पर नंदकिशोर खुद खेत में गए तो वहां का दृश्य देख कर उनका कलेजा मुंह को आ गया। गांव व परिवार के साथ उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस के लिए भीड़ को संभालना भी चुनौती थी। इसलिए सीओ को ईसानगर के अलावा धौरहरा और खमरिया थाना से भी फोर्स बुलानी पड़ी। फिलहाल पुलिस तथ्यों की पड़ताल में जुटी है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad