
पिथौरागढ़। गंगोलीहाट क्षेत्र के भंडारी गांव में शनिवार शाम एक दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में मातम पसर गया। घर के आंगन में खेल रहे 10 वर्षीय बच्चे पर गुलदार ने अचानक हमला कर दिया और उसे उठाकर जंगल की ओर ले गया। बाद में घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों से बच्चे का शव बरामद किया गया।
जानकारी के मुताबिक गंगोलीहाट बाजार से लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित भंडारी गांव में भगवान राम का परिवार रहता है। शनिवार शाम करीब पांच बजे उनका 10 वर्षीय बेटा रियांशु घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए गुलदार ने अचानक बच्चे पर हमला किया और उसे मुंह में दबाकर जंगल की ओर भाग गया।
बच्चे पर गुलदार के हमले की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में निकल पड़े। ग्रामीणों ने गुलदार का पीछा करते हुए आसपास के क्षेत्र में खोजबीन की। कुछ देर बाद घर से करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों में रियांशु का शव मिला।
घटना की सूचना पुलिस और वन विभाग को दी गई, जिसके बाद दोनों विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं। गंगोलीहाट के कोतवाल कैलाश जोशी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस और वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
रियांशु खेतीगांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार का छात्र था। परिवार में उसका 12 वर्षीय बड़ा भाई दिव्यांशु भी है। मासूम की मौत की खबर के बाद गांव में शोक का माहौल है, जबकि गुलदार के हमले से ग्रामीणों में भय और आक्रोश बना हुआ है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता को देखते हुए सुरक्षा के ठोस इंतजाम किए जाने की मांग की है।



