बिंदुखत्ता:
बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर ‘वन अधिकार संगठन बिंदुखत्ता’ द्वारा चलाया जा रहा घर-घर जनसंपर्क और जनजागरूकता अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को इस अभियान के तहत निकाली जा रही पदयात्रा 32वें दिन में प्रवेश कर गई।
यह पदयात्रा 17 एकड़ क्षेत्र से प्रारंभ होकर सुभाषनगर, पटेलनगर और मुल्तान नगरी से गुजरते हुए बाजपुर चौराहे पर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर ग्रामीणों को बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाए जाने के महत्व से अवगत कराया और आगामी 27 सितंबर (रविवार) को आयोजित होने वाली विशाल रैली व जनसभा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।
कुमाऊंनी अंदाज़ में मुख्यमंत्री से अपील
अभियान के दौरान उत्तराखंड के प्रसिद्ध हास्य कलाकार जीवन दानू ने अपने चुटीले कुमाऊंनी अंदाज में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बिंदुखत्ता को जल्द राजस्व ग्राम बनाने की मांग की। उन्होंने कहा—
“धामी जी, अब इतनी देर मत लगाइए, जल्दी से बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम का दर्जा दीजिए। यह ध्यान रखिएगा कि इसी बिंदुखत्ता के वोटों से एक विधायक चुना जाता है, इसलिए अब इसकी अनदेखी मत कीजिए।”
सांस्कृतिक माध्यमों से भी जागरूकता
बिंदुखत्ता के 32 गांवों में चल रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और आंदोलन को व्यापक बनाना है। अभियान के तहत गांवों में रात के समय भजन-कीर्तन और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में आज रात्रि शिव मंदिर (पश्चिम राजीवनगर) में जनजागरूकता एवं भजन-कीर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
संगठन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह मांग किसी राजनीतिक दल के विरोध में नहीं, बल्कि क्षेत्रवासियों के मूलभूत अधिकारों, सम्मान और उज्ज्वल भविष्य से जुड़ी है। ग्रामीणों का कहना है कि वे लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात सरकार तक पहुंचाते रहेंगे और जब तक कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, यह संघर्ष जारी रहेगा।
आज की पदयात्रा में संगठन अध्यक्ष उमेश चंद्र भट्ट, अर्जुन नाथ गोस्वामी, बलवंत बिष्ट, नंदन बोरा, चंचल सिंह कोरंगा, ममता बिष्ट, दीपक रौतेला, बलवंत परिहार, कैप्टन सुंदर सिंह खनका, भवान सिंह कठायत, गोविंद गिरी, हरीश रजवार, गोपाल नेगी, नवीन जोशी, भूपेश जोशी, दौलत सिंह कोरंगा, जीवन पांडे, दीपक पाठक, मीना मेहता सहित सैकड़ों युवा, महिलाएं और वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।


