खबर शेयर करें -

लालकुआं। स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए लालकुआं नगर पंचायत ने प्रदेश में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 1 अक्टूबर 2025 को देहरादून के मुख्य सेवक सदन में नगर पंचायत लालकुआं को अटल निर्मल पुरस्कार 2024-25 से सम्मानित किया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी, तत्कालीन अधिशासी अधिकारी राहुल कुमार सिंह और सभासद भुवन पांडे को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया गया।इससे पूर्व, नगर पंचायत लालकुआं को 17 जुलाई 2025 को नई दिल्ली में विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु तथा केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया था।नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने इस पुरस्कार को नगरवासियों की जागरूकता और सहयोग का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार केवल लालकुआं को स्वच्छ बनाना ही नहीं, बल्कि नगरवासियों में साफ-सफाई की आदतों को स्थायी रूप से विकसित करने का भी प्रमाण है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत ने कूड़ा प्रबंधन के लिए मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर की स्थापना जैसे कई सुधार किए, जिससे नगर की सफाई व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ।लोटनी ने पूरे नगरवासियों को इस सफलता का श्रेय देते हुए उनका आभार व्यक्त किया और अपील की कि वे भविष्य में भी मिलकर नगर को प्रदेश के साथ-साथ पूरे देश का स्वच्छतम नगर बनाने में सहयोग जारी रखें। उन्होंने नगर पंचायत टीम को इस सम्मान के लिए हार्दिक बधाई भी दी।मुख्यमंत्री धामी और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने भी इस उपलब्धि की सराहना की और कहा कि लालकुआं ने स्वच्छता में नए आयाम स्थापित किए हैं, जो अन्य नगरों के लिए प्रेरणा है।

यह भी पढ़ें -  रामपुर रोड सड़क हादसे में बिंदुखत्ता बैंक कर्मचारी की दर्दनाक मौत, परिवार में छाया मातम

 

नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी की नेतृत्व क्षमता और समर्पण के कारण ही लालकुआं स्वच्छता में प्रदेश का कोई मुकाबला नहीं कर सका। उनकी दूर-दर्शिता और कार्यशैली ने इस नगर को नया मुकाम दिलाया है।