ADVERTISEMENTS Ad
खबर शेयर करें -

लालकुआं/हल्द्वानी। धनतेरस और दीपावली से पहले नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने दुग्ध उत्पादकों को बोनस वितरित कर त्योहारों की खुशियां बढ़ाई हैं। संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में बेड़ा पोखरा, कमोला और दोहनिया दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान कुल 29 लाख 39 हजार 104 रुपये का बोनस वितरित किया गया। तीनों समितियों के माध्यम से कुल 3 करोड़ 81 लाख 41 हजार 440 रुपये की दुग्ध खरीद की गई थी।

तीनों समितियों में इस तरह वितरित हुआ बोनस

रामपुर रोड, हल्द्वानी स्थित बेड़ा पोखरा, कालाढूंगी की कमोला और दोहनिया दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों में बोनस वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। समिति के अनुसार, बेड़ा पोखरा में 1 करोड़ 24 लाख 51 हजार 891 रुपये की दुग्ध खरीद पर 13 लाख 94 हजार 748 रुपये का बोनस दिया गया।

यह भी पढ़ें -  लालकुआं में 2027 चुनाव की तैयारी तेज, हेमवती नंदन दुर्गापाल ने कांग्रेस टिकट पर ठोकी दावेदारी

वहीं, कमोला समिति में 1 करोड़ 42 लाख रुपये की दुग्ध खरीद पर 10 लाख रुपये तथा दोहनिया समिति में 1 करोड़ 14 लाख 89 हजार 549 रुपये की खरीद पर 5 लाख 44 हजार 356 रुपये का बोनस वितरित किया गया। त्योहार से ठीक पहले बोनस मिलने पर दुग्ध उत्पादकों ने खुशी जाहिर करते हुए संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा का आभार व्यक्त किया।

दुग्ध उत्पादकों के हित सर्वोपरि: मुकेश बोरा

दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि संघ दुग्ध उत्पादकों के हितों के प्रति सजग, संवेदनशील और प्रतिबद्ध है। पशुपालकों की मेहनत का सम्मान करने के साथ ही उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें -  लालकुआं वीआईपी गेट के पास तेल टैंकर और कार की जोरदार भिड़ंत, ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा

उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादकों का विश्वास और सहयोग ही संघ की असली ताकत है। उत्पादकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनके हितों को प्राथमिकता देना संघ की जिम्मेदारी है, जिसके लिए निरंतर काम किया जा रहा है।

अधिक दूध देने वाले उत्पादकों को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान सर्वाधिक दूध उपलब्ध कराने वाले दुग्ध उत्पादकों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही कमोला दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति में वर्ष 2025-26 की 49वीं वार्षिक सामान्य निकाय बैठक भी आयोजित की गई।

यह भी पढ़ें -  लालकुआं में गौला रोड रेलवे क्रॉसिंग पर बनेगा फ्लाईओवर, शासन से फिजिबिलिटी स्टडी को मिली मंजूरी

इस अवसर पर समिति अध्यक्ष हेमंती राणा, एसपी सिंह, बचे सिंह, शेखर जोशी, विनोद चंद्र बेलवाल, सचिव हीरा सिंह गंगोला, दयाकिशन सुयाल, संरक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह तथा दुग्ध संघ के पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू और एफओ शांति कोरंगा सहित बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक मौजूद रहे।

त्योहारों से पहले बोनस वितरण को पशुपालकों की आर्थिक मजबूती और दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

By पंकज शर्मा

निष्पक्ष, सटीक और त्वरित समाचार आप तक पहुँचाने के संकल्प के साथ 'अग्रसर भारत' की नींव रखी गई है। डिजिटल मीडिया पत्रकारिता (DJNM) में प्रशिक्षित संपादक पंकज शर्मा के नेतृत्व में हमारा लक्ष्य हर खबर को उसकी सच्चाई और जिम्मेदारी के साथ आपके सामने लाना है।