
हल्द्वानी (नैनीताल)। पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों को निमोनिया जैसी गंभीर बीमारी से बचाने और समय रहते इसकी पहचान सुनिश्चित करने के लिए नैनीताल जिले में स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। SAANS अभियान 2026-27 के प्रभावी संचालन को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. रश्मि पंत ने बुधवार को वर्चुअल बैठक कर स्वास्थ्य अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों की स्क्रीनिंग, उपचार और रेफरल में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अभियान के तहत आशा और एएनएम कार्यकर्ता घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के बच्चों की स्वास्थ्य जांच करेंगी। इस दौरान खांसी, बुखार और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षणों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। निमोनिया के लक्षण पाए जाने पर बच्चों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, गंभीर स्थिति वाले बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद बिना देरी उच्च स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया जाएगा।
स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाइयों और ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश
सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों में निमोनिया के उपचार के लिए आवश्यक दवाइयां, ऑक्सीजन, पल्स ऑक्सीमीटर और अन्य जरूरी उपकरण उपलब्ध रखने को कहा। उन्होंने नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत बच्चों को न्यूमोकोकल कंजुगेट वैक्सीन (PCV) की तीनों निर्धारित खुराक समय पर लगवाने और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को आवश्यक प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया।
गांवों और स्कूलों में चलाया जाएगा जागरूकता अभियान
निमोनिया से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग अस्पतालों के साथ-साथ सामुदायिक स्तर पर भी जागरूकता गतिविधियां संचालित करेगा। आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों और गांवों में माताओं को स्तनपान, बेहतर पोषण, स्वच्छता और निमोनिया के शुरुआती लक्षणों की जानकारी दी जाएगी, ताकि बीमारी की पहचान समय रहते हो सके और बच्चों को उचित उपचार मिल सके।
15 नवंबर से शुरू होगा नवजात सप्ताह
इसी क्रम में जिले में 15 नवंबर से नवजात सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इसके अंतर्गत जन्म के तुरंत बाद नवजात को स्तनपान कराने, छह माह तक केवल मां का दूध देने, नवजात शिशुओं में खतरे के संकेत पहचानने और समय पर उपचार उपलब्ध कराने को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
सीएमओ ने बताया कि जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम के तहत एक वर्ष तक के बच्चों को सरकारी स्वास्थ्य इकाइयों और चिकित्सालयों में निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों में बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर घरेलू उपचार के भरोसे समय बर्बाद न करें और तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय सहायता लें।
बैठक में स्वास्थ्य अधिकारियों को अभियान की नियमित निगरानी करने तथा बच्चों की स्क्रीनिंग, उपचार और रेफरल से संबंधित आंकड़ों की समयबद्ध रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
सीएमओ ने कहा कि ‘Pneumonia Nahi, Toh Bachpan Sahi’ अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ संचालित किया जाए, ताकि पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों को निमोनिया से सुरक्षित रखने और इस बीमारी के कारण होने वाली मौतों को कम करने में मदद मिल सके।



