
नैनीताल। जिले में शुक्रवार, 30 अक्टूबर को मौसम खराब रहने की आशंका के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। चेतावनी के अनुसार जिले में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट मोड पर रखा है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन तैयार रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आपदा प्रबंधन से जुड़ी टीमों को 24 घंटे सक्रिय रहने को कहा है।
संवेदनशील मार्गों पर तैनात रहेंगी जेसीबी और टीमें
डीएम ने लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के संबंधित खंडों को संवेदनशील मार्गों पर जेसीबी मशीनों और गैंग कार्मिकों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। बारिश, भूस्खलन या पेड़ गिरने से सड़कें बाधित होने पर मलबा हटाने और यातायात बहाल करने के लिए तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
जिला, परगना और विकासखंड स्तर पर आपदा प्रबंधन की आईआरएस प्रणाली के नामित अधिकारियों को मुख्यालयों में हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, तहसील स्तर पर गठित क्विक रिस्पांस टीमें (QRT) भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहेंगी।
अधिकारियों को 24 घंटे मोबाइल चालू रखने के निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने मोबाइल फोन 24 घंटे चालू रखने के निर्देश दिए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में तैनात कर्मचारियों और उपलब्ध संसाधनों को भी अलर्ट पर रखा जाएगा। आपदा से होने वाले नुकसान की जानकारी हर घंटे तहसील कंट्रोल रूम और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को उपलब्ध करानी होगी।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
- दूरभाष: 05942-231178, 05942-231179, 05942-231181
- मोबाइल: 8272080884
- टोल फ्री नंबर: 1077
लोगों से सतर्क रहने की अपील
जिला प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। नदी-नालों के आसपास जाने से बचने तथा गरज-चमक और आकाशीय बिजली के दौरान सुरक्षित पक्के मकान में रहने की सलाह दी गई है। बिजली चमकने के दौरान पेड़ों के नीचे शरण न लें और बिजली का संचालन करने वाली वस्तुओं से दूरी बनाए रखें।
ओलावृष्टि से बागवानी, खड़ी फसलों, खुले में खड़े वाहनों और पशुधन को नुकसान पहुंचने की आशंका को देखते हुए किसानों को कटी हुई उपज सुरक्षित स्थान पर रखने और पशुओं को खुले में न बांधने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार नैनीताल के अलावा चम्पावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली जिलों में भी कहीं-कहीं गरज-चमक, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।



