ADVERTISEMENTS Ad
खबर शेयर करें -

गुजरात विधानसभा चुनावों में 5 सीटों पर मिली जीत को अभूतपूर्व सफलता बताते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ये हमारे लिए बैल से दूध निकालने जितना असंभव था. अरविंद केजरीवाल पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राष्ट्रीय परिषद की बैठक को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को पूरा विश्वास है कि वह 2027 में भारतीय जनता पार्टी को गुजरात की कुर्सी से उखाड़ फेंकेगी.

हाल में हुए गुजरात विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी को करीब 13 फीसदी वोट मिले थे. इस चुनाव में AAP को 5 सीटों पर जीत मिली थी. इस सफलता के लिए केजरीवाल ने अपने कार्यकर्ताओं को बधाई और धन्यवाद कहा. केजरीवाल ने अपने संबोधन में कहा, ‘हाल में गुजरात के सिलसिले में मुझे किसी ने कहा कि आप तो बैल से भी दूध निकाल लाए. गाय से तो सभी दूध निकालते हैं, लेकिन हम विधानसभा चुनाव में पांच सीट जीतकर और 13 फीसदी वोट प्रतिशत हासिल करके बैल से दूध निकाल लाए.’

2027 में हम गुजरात में सरकार बनाएंगे

इस दौरान केजरीवाल ने गुजरात की जनता का भी आभार व्यक्त किया. उन्होंने पंजाब का संदर्भ रखते हुए कहा कि हमने पंजाब में अपनी दूसरी कोशिश में सरकार बना ली थी. इसलिए चिंता न करें, गुजरात में भी हम 2027 में आम आदमी पार्टी की सरकार बनाएंगे.

साल 2017 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने गुजरात की 182 में से 29 सीटों पर चुनाव लड़ा था. हालांकि, इस चुनाव में आम आदमी पार्टी की सभी सीटों पर जमानत जब्त हो गई थी.

भारतीय जनता पार्टी के गढ़ वाले गुजरात में सफलता मिलने पर केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी एक मात्र ऐसी पार्टी है जो अपने गठन के एक साल के अंदर ही दिल्ली में सरकार बना बैठी. 10 साल के अंदर दूसरे राज्य में सत्ता की कुर्सी पर बैठ गई और साथ ही साथ राष्ट्रीय पार्टी का तमगा भी ले लिया. केजरीवाल ने कहा कि यह कमाल हमारे काम और हमारी विचारधार के कारण ही हो पाया है.

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad