breaking news
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी (अग्रसर भारत डेस्क):

हल्द्वानी की जानी-मानी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर दीक्षा पांडे ने सोमवार को संदिग्ध जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के तुरंत बाद उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति नियंत्रण में और खतरे से बाहर बताई जा रही है।

सैनिकों और उनकी पत्नियों पर टिप्पणी से भड़का था विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीक्षा पांडे ने हाल ही में अपने फेसबुक अकाउंट पर भारतीय सैनिकों और उनकी पत्नियों को लेकर एक बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस पोस्ट के सार्वजनिक होते ही सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ व्यापक विरोध और तीखी प्रतिक्रियाएं शुरू हो गईं। लगातार हो रही भारी ट्रोलिंग और बढ़ते विवाद के बीच ‘पहाड़ी आर्मी’ संगठन ने भी आपत्ति जताते हुए हल्द्वानी कोतवाली में दीक्षा के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर तहरीर दी थी।

यह भी पढ़ें -  ​सनकी आशिक की हैवानियत: शादी से इनकार पर डेढ़ साल के मासूम को पटक-पटक कर मारा

पुलिस काउंसलिंग के बाद उठाया कदम

मामले की गंभीरता और सोशल मीडिया पर मिल रही लगातार धमकियों व प्रतिक्रियाओं को देखते हुए पुलिस ने दीक्षा को काउंसलिंग के लिए बुलाया था। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर चल रहे विवाद के कारण दीक्षा ने कथित तौर पर पहले भी आत्महत्या की चेतावनी दी थी। सोमवार को पुलिस कार्यालय में उनकी काउंसलिंग की गई, जिसके बाद वह कोटाबाग स्थित अपने आवास लौट आईं। घर पहुंचने के बाद उन्होंने मानसिक तनाव में आकर संदिग्ध जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

यह भी पढ़ें -  अपात्रों पर गाज: बिंदुखत्ता में सरकारी राशन हड़पने वाले 8 रसूखदार धरे गए

पुलिस जांच जारी, मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार

हल्द्वानी के पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) अमित सैनी ने बताया कि दीक्षा पांडे की स्थिति अब पूरी तरह स्थिर है। उन्होंने किस पदार्थ का सेवन किया था, इसकी सटीक जानकारी विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाल रही है।