
दुग्ध उत्पादकों के हितों पर मंथन, प्रोत्साहन राशि बढ़ाने की मांग
हल्द्वानी। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन में दुग्ध उत्पादकों के हितों, संघ की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान दुग्ध उत्पादकों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि चार रुपये से बढ़ाकर छह रुपये प्रति लीटर करने तथा मैदानी क्षेत्रों की दुग्ध समितियों के सचिवों को भी प्रोत्साहन राशि देने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित संकल्प बैंक्वेट हॉल में आयोजित अधिवेशन का शुभारंभ नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में हल्द्वानी नगर निगम के महापौर गजराज सिंह बिष्ट, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, विधायक बंशीधर भगत, भाजपा नेता राजेंद्र सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक नवीन चंद्र दुम्का ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अधिवेशन की अध्यक्षता दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने की, जबकि संचालन प्रशासन एवं विपणन प्रबंधक संजय सिंह भाकुनी ने किया।
अधिवेशन में जिलेभर की दुग्ध समितियों के अध्यक्षों और प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान संघ की उपलब्धियों, दुग्ध उत्पादकों की समस्याओं और भविष्य की योजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
प्रतिदिन 1.15 लाख किलोग्राम दूध का संग्रह
दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने संघ की उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि नैनीताल दुग्ध संघ 78 वर्ष पूरे कर 79वें वर्ष में प्रवेश करने जा रहा है। वर्तमान में जिले की 710 दुग्ध समितियों के माध्यम से प्रतिदिन औसतन 1.15 लाख किलोग्राम दूध का संग्रह किया जा रहा है। संघ का अब तक का सर्वाधिक दैनिक संग्रह 1.41 लाख किलोग्राम रहा है।
उन्होंने बताया कि जनपद में 354 दुग्ध समितियां पर्वतीय और 356 मैदानी क्षेत्रों में संचालित हैं। आंचल उत्पादों को उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए 2,760 दुग्ध विक्रेताओं का नेटवर्क कार्य कर रहा है। इसके माध्यम से प्रतिदिन औसतन 88 हजार लीटर दूध और दूध से निर्मित 30 हजार लीटर दुग्ध पदार्थों की बिक्री की जा रही है। संघ अधिकतम 1.21 लाख लीटर दूध की बिक्री का रिकॉर्ड भी बना चुका है।
उत्पादकों को करोड़ों रुपये का लाभ
मुकेश बोरा ने बताया कि संघ ने वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 में अपने अर्जित लाभ से दुग्ध उत्पादकों को 2.55-2.55 करोड़ रुपये दूध मूल्य अंतर के रूप में भुगतान किए हैं। इसके अतिरिक्त वर्ष 2017-18 से 2024-25 तक का 1.74 करोड़ रुपये का लाभांश भी शीघ्र दुग्ध समितियों के बैंक खातों में जमा कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में 5.15 करोड़ रुपये और वर्ष 2025-26 में 5.46 करोड़ रुपये सदस्य बोनस के रूप में वितरित किए हैं। उन्होंने इसे समितियों की आर्थिक मजबूती और सहकारिता की सफलता का प्रमाण बताया।
चार से छह रुपये हो प्रोत्साहन राशि
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने राज्य सरकार से दुग्ध उत्पादकों को दी जा रही चार रुपये प्रति लीटर प्रोत्साहन राशि बढ़ाकर छह रुपये करने का अनुरोध किया। साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों की दुग्ध समितियों के सचिवों को मिलने वाली 50 पैसे प्रति लीटर प्रोत्साहन राशि की तर्ज पर मैदानी क्षेत्रों के समिति सचिवों को भी न्यूनतम 25 पैसे प्रति लीटर प्रोत्साहन देने की मांग उठाई।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का दुग्ध उत्पादकों के हित में किए जा रहे प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पशुपालन की बढ़ती लागत को देखते हुए दुग्ध उत्पादकों को अधिक आर्थिक प्रोत्साहन देना आवश्यक है।
धारी में बनेगा चीज संयंत्र
मुकेश बोरा ने बताया कि राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के निर्देशन में संघ की नई दुग्धशाला का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जिसके शीघ्र पूरा होने की उम्मीद है। इसके अतिरिक्त विकासखंड धारी में चीज संयंत्र स्थापित करने की योजना प्रस्तावित है।
उन्होंने कहा कि दुग्ध व्यवसाय को और मजबूत बनाने के लिए दुग्ध परिवहन, पशु चिकित्सा, संतुलित पशु आहार, साइलेज, खनिज मिश्रण, भूसा भंडारण और दुग्ध संग्रह केंद्रों जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि दुग्ध उत्पादकों को पशुधन की बेहतर देखभाल और उत्पादन लागत कम करने के उद्देश्य से पशु चिकित्सा सेवाएं, रोग निवारण शिविर, कृमिनाशक दवाइयां, टीकाकरण तथा अनुदान पर संतुलित पशु आहार, साइलेज और खनिज मिश्रण उपलब्ध कराया जा रहा है।
गौलापार स्थित साइलेज संयंत्र के माध्यम से स्थानीय किसानों से मक्का खरीदकर हरे चारे का विकल्प तैयार किया जा रहा है। इससे स्थानीय किसानों और दुग्ध उत्पादकों दोनों को लाभ मिल रहा है।
अंत में अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध संघ की वास्तविक ताकत उसके उत्पादक, समितियां और उनसे जुड़े हजारों परिवार हैं। उत्पादकों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए संघ को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना उनका लक्ष्य है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, दुग्ध उत्पादकों, समिति अध्यक्षों, सचिवों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आंचल परिवार के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।
अग्रसर भारत | हल्द्वानी, लालकुआं उत्तराखंड




