काशीपुर। महुआखेड़ागंज क्षेत्र के वार्ड नंबर तीन स्थित मढ़ैया देवी में 22 वर्षीय युवती की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान मेहबिश पुत्री स्वर्गीय फरियाद हुसैन के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मेहबिश तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। बताया जा रहा है कि युवती की गोली मारकर हत्या पड़ोस के एक घर में की गई। आरोप है कि वारदात के बाद शव को उसके घर पर रख दिया गया और आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के समय घर में कुछ महिलाएं मौजूद होने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि, घटना की पूरी परिस्थितियां पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने के साथ ही घटना से जुड़े साक्ष्यों को सुरक्षित करना शुरू कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब हत्या की वजह, वारदात की परिस्थितियों और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पुलिस जांच और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हत्या के कारणों तथा घटना की पूरी परिस्थितियों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस फरार आरोपी और उसके परिजनों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। जांच पूरी होने के बाद ही वारदात से जुड़े अन्य तथ्य सामने आने की उम्मीद है।


