लालकुआं। लालकुआं से हल्द्वानी की ओर जा रहे दो वाहनों की सोमवार देर रात मोतीनगर तिराहे के पास जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और दूसरी दिशा में घूम गई। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, हालांकि गनीमत रही कि दोनों कारों के चालक सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 9:30 बजे किआ टैक्सी लालकुआं से हल्द्वानी की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही ऑल्टो कार ने किआ टैक्सी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ऑल्टो अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और दूसरी दिशा में घूम गई। कार पलटने से बाल-बाल बची।
किआ टैक्सी यूके 04 टीबी-9751 को गुमटी, लालकुआं निवासी पलविंदर सिंह पुत्र बलजीत सिंह चला रहे थे। उन्होंने बताया कि वह हल्द्वानी में सवारी लेने जा रहे थे, तभी पीछे से आ रही ऑल्टो कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी।
हादसे में शामिल ऑल्टो कार का नंबर यूके 04 आर-7837 बताया गया है। पुलिस के अनुसार, वाहन चालक दर्शन सिंह जीना पुत्र पान सिंह जीना, निवासी दोगड़ा, ज्योलीकोट, नैनीताल को मौके से हिरासत में लिया गया।
दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। हादसे में दोनों वाहनों को काफी नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी चालक को गंभीर चोट नहीं आई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रात के समय सड़क पर यातायात कम होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। यदि उस समय सड़क पर अधिक वाहन होते तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
गौरतलब है कि करीब चार दिन पहले भी इसी कट के पास एक सड़क दुर्घटना में लालकुआं निवासी बाइक सवार युवक की मौत हो गई थी। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बाद इस स्थान पर सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।


