
लालकुआं। नगर के मुख्य हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में ई-रिक्शा (टुकटुक) से गिरकर 30 वर्षीय युवक की जान चली गई। अचानक लगे झटके के कारण युवक छिटककर सड़क पर सिर के बल जा गिरा। इलाज के दौरान हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है और पूरे सुभाष नगर क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
मृतक की पहचान वार्ड नंबर 5, सुभाष नगर निवासी विक्रम सिंह चौहान (30 वर्ष), पुत्र नरेश सिंह चौहान के रूप में हुई है। विक्रम मजदूरी करने के साथ-साथ परिवार के साथ पशुपालन का काम भी संभालता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विक्रम शहर में ही टुकटुक में सवार होकर आ रहा था। हाईवे पर वार्ड नंबर 5 के पास अचानक रिक्शा में झटका लगने से संतुलन बिगड़ा और वह सीधे सड़क पर आ गिरा। हादसे में उसके सिर पर बेहद गंभीर चोट आई। आनन-फानन में उसे स्थानीय क्लीनिक ले जाया गया, जहाँ हालत लगातार बिगड़ने पर परिजनों ने उसे हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुँचाया। हालाँकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
असामयिक मृत्यु की खबर से मृतक के एक भाई और एक बहन समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस कार्रवाई के तहत पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद नगर के मुक्तिधाम श्मशान घाट पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।



