नैनीताल। जिले के बेतालघाट क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में सेना के नायब सूबेदार की कोसी नदी में डूबने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह परिवार और साथियों के साथ हल्द्वानी लौट रहे थे और धारी-उडियार के पास नदी में नहाने के लिए रुके थे। हादसे के दौरान उनका छह वर्षीय बेटा भी मौके पर मौजूद था।
नहाते समय अचानक फिसला पैर
जानकारी के मुताबिक, अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट क्षेत्र के कुंस्यारी निवासी 38 वर्षीय पृथ्वी पाल सिंह रावत सेना की एजुकेशन कोर में नायब सूबेदार के पद पर तैनात थे। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग भटिंडा, पंजाब में थी। उनका परिवार हल्द्वानी के भगवानपुर क्षेत्र में रहता है।
बताया गया कि पृथ्वी पाल सिंह छुट्टी पर अपने पैतृक गांव आए थे। शुक्रवार को पूजा-पाठ के बाद वह परिवार और साथियों के साथ हल्द्वानी लौट रहे थे। इसी दौरान शहीद बलवंत सिंह मोटर मार्ग पर धारी-उडियार के पास कोसी नदी में नहाने के लिए रुके।
नदी में नहाते समय अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरे। तेज बहाव के कारण वह कुछ ही पलों में नदी में बह गए।
बेटे ने दी हादसे की सूचना
घटना के समय उनका छह वर्षीय बेटा ओम भी वहां मौजूद था। पिता को नदी के तेज बहाव में बहता देखकर मासूम ने परिजनों और पुलिस को घटना की जानकारी दी। साथ मौजूद लोगों ने भी उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन नदी का बहाव तेज होने के कारण सफलता नहीं मिली।
घटना की सूचना मिलते ही बेतालघाट थाना पुलिस, खैरना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
तीन किलोमीटर दूर पत्थरों के बीच मिला शव
काफी तलाश के बाद घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर नदी में पत्थरों के बीच पृथ्वी पाल सिंह का शव अटका हुआ मिला। एसडीआरएफ टीम ने शव को नदी से बाहर निकाला और पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
इसके बाद पुलिस शव को गरमपानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद परिवार में मचा कोहराम
पिता का शव सामने देखते ही छह वर्षीय बेटा ओम बदहवास हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया। नायब सूबेदार की मौत से क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।


