
हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र में एक महिला की इलाज के दौरान मौत के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। मंगलवार, 6 अक्टूबर को संयुक्त टीम ने क्षेत्र में छापेमारी कर आवश्यक पंजीकरण और वैध दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने वाले तीन क्लीनिकों को मौके पर ही सील कर दिया।
बताया गया कि महिला गर्दन के दर्द का उपचार कराने स्थानीय क्लीनिक पहुंची थी, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद बिना आवश्यक डिग्री, पंजीकरण और वैध दस्तावेजों के संचालित किए जा रहे क्लीनिकों को लेकर सवाल उठे, जिसके बाद प्रशासन ने जांच अभियान शुरू किया।
सिटी मजिस्ट्रेट और एसडीएम की मौजूदगी में कार्रवाई
संयुक्त टीम ने बनभूलपुरा क्षेत्र के कई क्लीनिकों का निरीक्षण किया और संचालकों से स्वास्थ्य विभाग का पंजीकरण, मेडिकल लाइसेंस तथा संचालन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा। दस्तावेज उपलब्ध न कराने पर तीन क्लीनिकों को सील कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, एसडीएम मोनिका आर्या, एसीएमओ डॉ. रजत भट्ट सहित बनभूलपुरा कोतवाली पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रहीं।
बिना मानकों के क्लीनिक संचालन पर सख्ती
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने कहा कि क्षेत्र में बिना आवश्यक दस्तावेज और अनुमति के क्लीनिक संचालित किए जाने की शिकायतें मिली थीं। जांच के दौरान आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर 3 क्लिनिक सील किए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े संस्थानों को निर्धारित नियमों और मानकों का पालन करना अनिवार्य होगा। अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में जांच और कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रह सकता है।



