
देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए 17 अधिकारियों के विभागीय दायित्वों में फेरबदल किया है। बुधवार, 25 नवंबर 2026 को कार्मिक एवं सतर्कता विभाग की ओर से जारी आदेश में प्रमुख सचिव, सचिव, अपर सचिव समेत IAS, IPS और PCS अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। कुछ अधिकारियों से महत्वपूर्ण विभाग वापस लिए गए हैं, जबकि कई को नए विभागों का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
शासनादेश के मुताबिक प्रमुख सचिव एल. फैनई को उनके मौजूदा विभागों के साथ आबकारी विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है। वहीं सचिव दिलीप जावलकर से वित्त विभाग वापस ले लिया गया है। उनके पास निर्वाचन और जलागम से संबंधित दायित्व पूर्ववत रहेंगे।
IAS अधिकारी रणजीत कुमार सिन्हा के विभागों में भी बदलाव किया गया है। उनसे तकनीकी शिक्षा विभाग हटाकर आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं बृजेश कुमार संत से औद्योगिक विकास (खनन), आबकारी और खनन महानिदेशक का दायित्व वापस लेते हुए खेल एवं युवा कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
अपर सचिव स्तर पर भी कई अहम बदलाव हुए हैं। IAS विनीत कुमार से श्रम विभाग हटाकर जलागम एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का दायित्व सौंपा गया है। वहीं मनुज गोयल को उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा विभाग के साथ वित्त विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
इसी क्रम में IAS मेहरबान सिंह बिष्ट से सहकारिता विभाग वापस लेकर गृह विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। जबकि IAS अभिनव शाह को पर्यटन विभाग के साथ सहकारिता विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
PCS अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव करते हुए बीएस चलाल को बाध्य प्रतीक्षा से हटाकर निदेशक दुग्ध विकास एवं निदेशक महिला डेयरी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं PCS इलागिरी से दुग्ध विकास विभाग वापस लेकर उन्हें अपर आयुक्त, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले के पद पर जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सचिवालय सेवा के अधिकारियों में अपर सचिव विक्रम यादव से अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का दायित्व वापस लिया गया है। वह अब सचिवालय प्रशासन विभाग का कार्यभार संभालेंगे। वहीं अपर सचिव महिमा रौंकली को उनके वर्तमान विभागों के साथ वन विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है।
शासन की ओर से जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। इस प्रशासनिक फेरबदल को राज्य में विभागीय कार्यों के नए सिरे से संचालन और जिम्मेदारियों के पुनर्निर्धारण के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



