
लालकुआं/हल्द्वानी। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 28 नवंबर को हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित संकल्प वेंकट हॉल में आयोजित होने वाले इस अधिवेशन में जिलेभर के हजारों दुग्ध उत्पादकों के शामिल होने की संभावना है।
दुग्ध उत्पादकों के आग्रह के बाद आयोजित किए जा रहे इस अधिवेशन को लेकर सहकारिता क्षेत्र में भी उत्साह देखा जा रहा है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सहकारिता क्षेत्र से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों और दुग्ध उत्पादकों की भागीदारी प्रस्तावित है।
बुधवार को दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में संचालक मंडल की बैठक आयोजित हुई। बैठक में अधिवेशन के आयोजन स्थल, तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके बाद सर्वसम्मति से आयोजन को अंतिम रूप दिया गया।
अधिवेशन के दौरान संघ की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट, आय-व्यय का ब्योरा और वर्षभर की उपलब्धियों को प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा दुग्ध उत्पादकों की समस्याओं, उनके हितों की सुरक्षा, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और उत्पादकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।
बैठक में संचालक मंडल के सदस्य गोविंद सिंह मेहता, कृष्ण कुमार, आनंद सिंह नेगी, पुष्पा देवी, खष्टी देवी, दीपा देवी, हेमा देवी, दीपा देवी रैक्वाल और थान सिंह बिष्ट मौजूद रहे। वहीं सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, संजय सिंह भाकुनी, सुभाष बाबू, खलील अहमद सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।



