ADVERTISEMENTS Ad
खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। चयनित अभ्यर्थियों में 13 महिलाएं भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों की यह उपलब्धि प्रदेश की अन्य युवतियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में नियुक्ति मिलने के साथ ही जनहित के प्रति अधिकारियों की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। सभी अधिकारियों को ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

यह भी पढ़ें -  लालकुआं में 330 नशीले इंजेक्शनों के साथ युवक गिरफ्तार, बहेड़ी से लाया था नशे की खेप

मुख्यमंत्री ने राजस्व विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का उल्लेख करते हुए कहा कि नामांतरण, भूमि पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का निर्धारित समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जमीन से जुड़े मामले आम नागरिकों और किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं, इसलिए इनका निपटारा पूरी सावधानी और संवेदनशीलता के साथ होना चाहिए।

धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसीलों में आने वाले लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और सरकारी प्रक्रियाओं व आवश्यक दस्तावेजों की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराएं। इससे आम लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने पहाड़ी और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले बुजुर्गों तथा दिव्यांगजनों की समस्याओं को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया।

यह भी पढ़ें -  उत्तरकाशी के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड, 33 मकान राख; 58 परिवार प्रभावित, विधायक ने मांगा उचित मुआवजा

आपदा प्रबंधन में राजस्व अधिकारियों की भूमिका को अहम बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन समय पर और सही तरीके से किया जाना चाहिए, ताकि प्रभावित परिवारों को जल्द राहत उपलब्ध कराई जा सके।

भ्रष्टाचार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। अधिकारियों को किसी भी दबाव, सिफारिश या लालच से प्रभावित हुए बिना नियमों के अनुसार निर्णय लेने चाहिए। प्रत्येक नागरिक के जायज कार्य को बिना भेदभाव पूरा करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

उन्होंने अधिकारियों से सरकार के मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ को अपनी कार्यशैली में शामिल करने की अपील की। साथ ही लोगों को उनके आवेदनों की प्रगति और स्थिति की जानकारी समय पर देने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें -  लालकुआं में सेवानिवृत्त रेलकर्मी पर तीन युवकों का हमला, लाठी-डंडों से पीटकर किया घायल

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में रोजगार और भर्ती प्रक्रिया का जिक्र करते हुए कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है।

इस मौके पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की सेवा करने का अवसर है। राजस्व अधिकारियों को विशेष रूप से उन लोगों की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए, जिनकी उम्मीदें और आवश्यकताएं तहसील स्तर के प्रशासन से जुड़ी होती हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

By पंकज शर्मा

निष्पक्ष, सटीक और त्वरित समाचार आप तक पहुँचाने के संकल्प के साथ 'अग्रसर भारत' की नींव रखी गई है। डिजिटल मीडिया पत्रकारिता (DJNM) में प्रशिक्षित संपादक पंकज शर्मा के नेतृत्व में हमारा लक्ष्य हर खबर को उसकी सच्चाई और जिम्मेदारी के साथ आपके सामने लाना है।