खबर शेयर करें -

सितारगंज/शक्तिफार्म। उधम सिंह नगर जिले के सितारगंज कोतवाली अंतर्गत शक्तिफार्म क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। यहाँ एक युवक ने सरेराह अपनी महिला मित्र पर तमंचे से जानलेवा फायर झोंक दिया। गनीमत रही कि गोली महिला के सीने को छूते हुए निकल गई, जिससे उसकी जान बच गई, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पारिवारिक कलह के बाद युवक से बढ़ी थीं नजदीकियां

​पुलिस से प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर की रहने वाली 24 वर्षीय युवती का विवाह करीब पांच वर्ष पूर्व नानकमत्ता के एक युवक से हुआ था। वैवाहिक जीवन में विवाद के कारण दोनों लंबे समय से अलग रह रहे हैं और मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। इसी बीच युवती की पहचान रुद्रपुर के ही एक अन्य युवक से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे साथ रहने लगे। लेकिन बीते कुछ समय से इन दोनों के आपसी संबंधों में भी गंभीर खटास आ गई। आपसी कलह से तंग आकर युवती करीब एक सप्ताह पूर्व रुद्रपुर छोड़कर शक्तिफार्म स्थित अपने मायके लौट आई थी।

यह भी पढ़ें -  🚨 साइबर ठगी जांच में बड़ा नाम: MBPG कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ उपसचिव से हरियाणा पुलिस की पूछताछ

बाजार से लौटते समय रोका रास्ता, छोटी बहन के सामने दागी गोली

​शुक्रवार शाम को यह आपसी विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। पीड़ित युवती अपनी छोटी बहन के साथ स्थानीय बाजार से खरीदारी कर पैदल अपने घर लौट रही थी। घर से कुछ ही दूरी पहले मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए आरोपी ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपी ने युवती पर बातचीत करने और साथ चलने का दबाव बनाया। जब युवती ने उससे बात करने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी ने गुस्से में आकर अपनी कमर से तमंचा निकाला और सीधे युवती पर फायर झोंक दिया। गोली युवती के सीने को छीलती हुई पार निकल गई और वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ी।

यह भी पढ़ें -  बिंदुखत्ता: इंदिरा नगर में बिना लाइसेंस दवा बेचता संदिग्ध बाहरी युवक दबोचा, देखें वीडियो

अस्पताल में हालत खतरे से बाहर, आरोपी की तलाश में दबिश

​फायरिंग की आवाज और चीख-पुकार सुनकर जब तक आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ते, आरोपी अपनी मोटरसाइकिल से रफूचक्कर हो चुका था। परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने घायल महिला को तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार, गोली शरीर के आंतरिक अंगों को भेदकर नहीं गई है, इसलिए महिला की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।

​”प्रारंभिक जांच से साफ है कि यह मामला आपसी प्रेम-संबंधों और हालिया विवाद से जुड़ा हुआ है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले सहित सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।”

सुन्दरम शर्मा, कोतवाल, सितारगंज